बक्सर में महिलाओं के लिए पहली बार पिंक बस सेवा की होगी शुरूआत
नगर परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित सशक्त स्थाई समिति की बैठक में लिए गए अहम निर्णय


न्यूज विजन। बक्सर
महिला सशक्तिकरण को लेकर नप बेहतर पहल करने जा रही है। बक्सर की महिलाओं को अब सुरक्षित बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए नगर परिषद के द्वारा नि:शुल्क बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। दो पिंक बस अर्बनिआ व्हीकल की खरीदारी करने की सहमति बनी। बस की सेवा दलसागर से लेकर ठोरा पुल तक दी जाएगी। इसमें महिलाओं को किसी भी प्रकार काई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इस तरह की कुल सत्रह अहम निर्णय सोमवार को नगर परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित सशक्त स्थाई समिति की बैठक में लिया गया। बैठक सभापति कमरून निशा की अध्यक्षता में हुई।
मौके पर समिति के सभी सदस्यों की सहमति से सभी एजेंडों को पारित कर दिया गया। मौके पर शहर में लगाए वाटर एटीएम की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया। अगर किसी वाटर एटीएम में कोई तकनीकी खराबी है तो उसे अविलंब दुरूस्त कराने का निर्णय लिया गया। वहीं पीपी रोड के ताड़का नाला से मुनीम चौक तक आरसीसी नाला, रोड कालीकरण और फुटपाथ पर पेवर ब्लाक का कार्य कराने के लिए निविदा निकालने का निर्णय लिया गया। शहीद भगत सिंह चौक से पुराना सदर अस्पताल मोड़ होते हुए मठिया मोहल्ला मृत नहर पुलिया तक रोड कालीकरण, दोनों तरफ दो फुट चौड़ीकरण के साथ जरूरत के अनुसार आरसीसी नाला निर्माण, फुटपाथ पर पेवर ब्लाक निर्माण कराने के लिए निविदा निकालने पर सहमति बनी। मठिया मृत नहर पुलिया के साथ वीर कुंवर सिंह पुल तक आरसीसी नाला, रोड का कालीकरण और फुटपाथ पर पेवर ब्लाक लगाने के लिए निविदा निकाली जाएगी। वहीं सराय फाटक से जमुना चौक तक रोड कालीकरण आरसीसी नाला और फुटपाथ पेवर ब्लाक लगाने का कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया। स्टेशन रोड स्थित राम जानकी पोखर का निर्माण और जासे रोड में आरसीसी नाला निर्माण कराने के लिए सहमति बनी। वहीं दो लाइफ सपोर्टिंग एंबुलेंस, दो शव वाहन की खरीद करने का भी निर्णय लिया गया।
युवाओं के लिए भी अच्छी पहल नगर परिषद करने जा रही है। नगर के सभी वार्डों में जगह चिंहित कर व्यायामशाला निर्माण करने का निर्णय लिया गया। सिविल लाइन स्थित खदान की जमीन पर इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। सभी 42 वार्डों में सात हजार एलइडी लाइट लगाई जाएगी। नगर परिषद क्षेत्र को और सुंदर बनाने के दृष्टिकोण से विद्युत पोल पर करीब 25 सौ फैंसी एलइडी लाइटें लगाई जाएगी।
प्रचंड गर्मी को देखते हुए शहर के भीड़-भाड़ वालवाली जगहों पर टेंट शेड लगा बैठने और निंबू पानी, ग्लूकोज, इलेक्ट्राल और भी लू से बचाव के लिए जो भी अावश्यक है उसकी व्यवस्था की जाएगी। बीबी हाई स्कूल के मैदान को विकास कार्य के लिए एनओसी लेने का विचार विमर्श किया गया। वार्ड नंबर 17 स्थित पुस्तकालय रोड का कालीकरण, आरसीसी नाला निर्माणअसकामनी माता मंदिर से ठाकुरबाड़ी मंदिर तक दोनों तरफ नाला व फुटपाथ निर्माण के लिए निविदा निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर परिषद की उप सभापति बेबी देवी, समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, मनोज कुमार, राजू कुमार राय, अंजू सिंह, दिलीप कुमार के अलावा ईओ कुमार ऋत्विक मौजूद थे।





