बक्सर में एक्साटो फाउंडेशन का कार्यालय सह प्रशिक्षण केंद्र शुरू, युवाओं और बालिकाओं को मिलेगा कौशल विकास का अवसर
आईटी सर्टिफिकेशन और सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड की सुविधा, 16 प्रतिभागियों का हुआ चयन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बंगाली टोला स्थित भूमिहारी स्कूल के समीप Exato Technologies Limited (नोएडा-दिल्ली) की पहल Exato Foundation के कार्यालय सह प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं कंपनी के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक्साटो फाउंडेशन के सलाहकार शिवकुमार सिन्हा (भैयाजी) द्वारा बच्चों को पुरस्कार वितरण कर किया गया। इस मौके पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाउंडेशन की इस पहल के तहत पहले चरण में कुल 16 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इनमें 11 छात्रों को आईटी (IT) क्षेत्र में प्रमाणन के साथ कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 5 आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं को सिलाई एवं कढ़ाई (Stitching & Embroidery) के व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए चुना गया है। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकें।
इस अवसर पर अपूर्व कुमार सिन्हा जो एक्साटो टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं चेयरमैन तथा एक्साटो फाउंडेशन के ट्रस्टी हैं, ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उनका बक्सर से गहरा संबंध रहा है और उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बी.बी. हाई स्कूल से प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि इस फाउंडेशन की स्थापना का उद्देश्य समाज को वापस देना है, जहां से उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत की। उन्होंने जानकारी दी कि एक्साटो टेक्नोलॉजीज़ एक बीएसई सूचीबद्ध कंपनी है, जिसका मुख्यालय नोएडा में स्थित है और इसके शाखा कार्यालय न्यू जर्सी, सिडनी, सिंगापुर, मुंबई, चेन्नई एवं पुणे जैसे प्रमुख शहरों में संचालित हैं।
कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्रों का परिचय रितेश रंजन (टेक हेड, एक्साटो टेक्नोलॉजीज़) द्वारा कराया गया। वहीं मनोज शर्मा (ऑपरेशंस हेड) एवं सौरव पांडेय (एक्साटो फाउंडेशन) ने इस पहल के संचालन और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कुल मिलाकर, एक्साटो फाउंडेशन का यह प्रयास बक्सर क्षेत्र में कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।
वीडियो देखें :





