बेटी के जन्मदिन पर रक्तदान महादान: बक्सर में 8 रक्तवीरों ने पेश की मिसाल
“नई सोच-नई परंपरा” अभियान के तहत सदर अस्पताल में आयोजित शिविर, समाजसेवी रामजी सिंह ने किया रक्तदान कर उद्घाटन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
“ब्यूटीफुल लाइफ ऑनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर” के तत्वावधान में रविवार को एक प्रेरणादायक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ब्लड बक्सर के नियमित रक्तदाता सागर वर्मा द्वारा अपनी पुत्री मिस्टी वर्मा के द्वितीय जन्मदिन के अवसर पर महादान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान के तहत दोपहर 12 बजे से सदर अस्पताल बक्सर के रक्त अधिकोष में आयोजित हुआ।
शिविर का उद्घाटन समाजसेवी रामजी सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया, जिससे उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका, प्रियेश सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। शिविर में कुल 8 रक्तवीरों—रामजी सिंह, सागर वर्मा, संजय पटवा, विष्णु कुमार, प्रीतम वर्मा समेत अन्य ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। समाजसेवी रामजी सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनरेखा है, बल्कि इससे दानदाता के स्वास्थ्य की भी जांच हो जाती है। उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
ब्लड बक्सर के संस्थापक प्रियेश ने रक्तदान के फायदों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय एवं कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है तथा शरीर में आयरन संतुलित रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि रक्तदान के दौरान ब्लड प्रेशर, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन सहित एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी और सिफिलिस जैसी जांचें निःशुल्क की जाती हैं, जिससे व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है। उन्होंने बताया कि यह इस माह का दूसरा रक्तदान शिविर है और भारत सरकार के नेशनल ब्लड डोनेशन ड्राइव के समर्थन में अगला शिविर 18 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवक-युवतियां मोबाइल नंबर 8804433322 पर संपर्क कर या ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था हर माह शिविर लगाकर लोगों को जागरूक कर रही है। “शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा” के तहत हर शुभ अवसर पर रक्तदान को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर किया जा सके। शिविर के दौरान इंद्रलोक वाणी के सौजन्य से सभी रक्तदाताओं को मोमेंटो एवं ब्लड बक्सर द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सफल आयोजन में ब्लड बक्सर के नसीम नायक, आदिल खान, प्रभा रंजन, प्रविव रंजन, रवि शंकर शर्मा, कुमार गौरव, राजा बाबू तथा ब्लड बैंक के राजन कुमार, सुनील जी और मुकेश कुमार का सराहनीय योगदान रहा।





