OTHERS

पूर्व सैनिकों की एकजुटता का उदाहरण: बक्सर में मासिक बैठक में उठीं ECHS और पेंशन से जुड़ी बड़ी समस्याएं

दूर-दराज से पहुंचे पूर्व सैनिक, 6 अप्रैल को मुख्यालय बैठक में मुद्दों को उठाने का निर्णय

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, सदर अनुमंडल बक्सर की मासिक बैठक शनिवार को सूबेदार मेजर जे.पी. सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खास बात यह रही कि दूर-दराज के गांवों से भी पूर्व सैनिक बैठक में शामिल होने पहुंचे, जिससे कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।

 

बैठक में पहली बार शामिल हुए कई पूर्व सैनिकों ने संघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा ECHS पॉलीक्लिनिक की बदहाल स्थिति को लेकर रहा। पूर्व सैनिकों ने बताया कि पिछले महीने डॉक्टरों की अनुपस्थिति और दवाइयों की कमी के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वर्तमान में भी मरीजों की भीड़ के बावजूद पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। सभी सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, ताकि किसी भी पूर्व सैनिक को दवा या रेफरल के लिए भटकना न पड़े।

 

लाइफ सर्टिफिकेट में गड़बड़ी से रुकी पेंशन
बैठक में दूसरा अहम मुद्दा लाइफ सर्टिफिकेट से जुड़ा रहा। जानकारी दी गई कि कई पूर्व सैनिकों की पेंशन इसलिए नहीं आई क्योंकि लाइफ सर्टिफिकेट गलत तरीके से भरा गया था। इस पर स्पष्ट किया गया कि अब नया PPO (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) के अनुसार ही लाइफ सर्टिफिकेट भरना अनिवार्य है। बैठक में तय किया गया कि 6 अप्रैल को मुख्यालय की बैठक में इन सभी समस्याओं को विस्तार से रखा जाएगा। साथ ही, डायरेक्टरेट पटना को पत्र लिखकर समाधान की मांग की जाएगी, ताकि विशेष रूप से बुजुर्ग पूर्व सैनिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

संघ पदाधिकारियों ने रखे अपने विचार
बैठक में संघ के डायरेक्टर नायब सूबेदार जयराम सिंह ने ECHS से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। वहीं, कोषाध्यक्ष नायब सूबेदार फूल बदन सिंह ने संगठन का आय-व्यय का पूरा विवरण प्रस्तुत किया। उपाध्यक्ष तारा बाबू सिंह ने संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया, जबकि संयोजक हवलदार जनार्दन सिंह ने वीर नारियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस बैठक में सूबेदार जगदीश सिंह, सूबेदार ललन सिंह, हवलदार शिवकुमार सिंह, नायब सूबेदार नारदमुनि सिंह, नायब सूबेदार संतकुमार सिंह, नायब सूबेदार मिथलेश सिंह समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने अल्पाहार ग्रहण किया और “भारत माता की जय” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह बैठक न केवल समस्याओं के समाधान का मंच बनी, बल्कि पूर्व सैनिकों की एकजुटता और संगठन की मजबूती का भी सशक्त उदाहरण पेश किया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button