OTHERS

जिले के सौरभ और अमन ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिलाया स्वर्ण और कांस्य पदक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
कटक (उड़ीसा) स्थित इंडोर स्टेडियम में 30 मई से 1 जून तक आयोजित  9वीं ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप (क्योरूगी एवं पोम्से) में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जिले के दो होनहार खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में पदक जीतकर बक्सर को राष्ट्रीय मानचित्र पर गौरवान्वित किया है।

 

सीनियर वर्ग के अंतर्गत सौरव कुमार सिंह ने 17 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देशभर में बक्सर की प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, 58 किलोग्राम भार वर्ग में अमन कुमार सिंह ने कांस्य पदक प्राप्त किया। बक्सर ताइक्वांडो संघ के उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि सौरव कुमार सिंह बक्सर जिले के डीएवी स्कूल के छात्र हैं और अमन कुमार सिंह पीसी कॉलेज, बक्सर के छात्र हैं। ये दोनों खिलाड़ी बीते दो-तीन वर्षों से निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

 

इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। बक्सर के खिलाड़ी सौरव और अमन न केवल जिले की प्रतिभा के प्रतीक हैं, बल्कि उन्होंने यह भी दिखाया है कि निरंतर मेहनत और समर्पण से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इनका प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। बक्सर जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार, महासचिव संजीव कुमारी, उपाध्यक्ष एवं संचार प्रमुख संजय कुमार सिंह, और कोच शैलेश सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के परिजनों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और शुभकामनाएं दीं। यह जीत बक्सर के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जो जिले में खेल संस्कृति के विकास की दिशा में एक प्रेरक कदम है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button