चैती छठ के मद्देनजर डीएम ने किया विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
एक अप्रैल को नहाय खाय के साथ आरम्भ हो जायेगा आस्था के महापर्व का चैती छठ का शुभारम्भ




न्यूज़ विज़न। बक्सर
आगामी चैत्र (चैती) छठ पर्व की तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को डीएम अंशुल अग्रवाल के द्वारा विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। और कहा कि बिहार राज्य में चैत्र मास में भी छठ पर्व उत्साह, उल्लास तथा अत्यंत श्रद्धा भाव से हिन्दू धर्मावलंबियों के द्वारा मनाया जाता है। जिले में भी यह पर्व पूरे श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया जाता है। छठ पर्व खरना से लेकर सुबह के अर्घ्य तक लगभग तीन दिनों का होता है। इस वर्ष चैत्र (चैती) छठ 1 अप्रैल को नहाय खाय से प्रारंभ होगा। 2 अप्रैल को खरना एवं 3 अप्रैल गुरुवार की संध्या में प्रथम अर्घ्य और 4 अप्रैल शुक्रवार को प्रातः उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।







चैती छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालु 3 एवं 4 अप्रैल को गंगा नदी के विभिन्न घाटों एवं अन्य जल निकायों में निर्मित घाटों पर सूर्य को अर्घ्य देंगे। छठ पर्व के अवसर पर अनुमंडल बक्सर सदर में रामरेखा घाट, सोमेश्वर घाट, नाथ बाबा घाट, सारिमपुर घाट सती घाट, गोला घाट, अहिरौली घाट उमरपुर घाट, महादेवा घाट, चौसा बाजार घाट तथा अनुमंडल डुमरांव में छठिया पोखर, मुरार पोखरा, बिहार घाट नैनीजोर, बाबा बरमेश्वर नाथ मंदिर के पोखर में अर्घ्य दिया जाता है। डीएम ने कहा कि चैती छठ को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। छठ घाटों एवं मार्गों की साफ सफाई, घाटों की बेरीकेडिंग, घाटों के किनारे रोशनी की व्यवस्था हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय बक्सर जिला को निर्देशित किया गया। कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य प्रमंडल को घाटों पर जाने वाले पहुंच पथ का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कराने हेतु निदेशित किया गया।
सभी अंचल अधिकारी को खतरनाक घाटों की पहचान, घाटों पर पटाखे की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध, निजी नावों के परिचालन पर रोक, नाव नाविक एवं गोताखोर की प्रतिनियुक्ति हेतु निर्देशित किया गया। विधि व्यवस्था संधारित करने हेतु विभिन्न छठ घाटों पर एवं मार्गों में तक दण्डाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी / पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम ने सभी बक्सर जिलेवासियों को आगामी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई।


