OTHERS

2027 जनगणना की तैयारी तेज: पहली बार होगी पूरी तरह डिजिटल स्वजनगणना, SDO अविनाश कुमार ने दी विस्तृत जानकारी

अनुमंडल कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पीडीएस डीलरों को दी गई ट्रेनिंग, आम लोगों से सहयोग की अपील

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शुक्रवार को बक्सर अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना के प्रथम चरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत की पहली पूर्ण डिजिटल स्वजनगणना के संबंध में विस्तृत जानकारी देना और इसकी तैयारियों को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।

 

बैठक में अनुमंडल कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ-साथ शहर के प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं कई पीडीएस डीलरों ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वजनगणना की प्रक्रिया, इसके महत्व और डिजिटल माध्यम से इसे कैसे पूरा किया जाएगा, इसकी विस्तार से जानकारी दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 2027 की जनगणना देश के लिए ऐतिहासिक होने जा रही है, क्योंकि पहली बार इसे पूरी तरह डिजिटल स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वजनगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी।

 

बैठक में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी ने क्रमवार तरीके से स्वजनगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि नागरिकों को किस प्रकार पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जानकारी भरनी होगी और किन-किन विवरणों को सही तरीके से दर्ज करना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं स्वजनगणना में भाग लें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस बैठक के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि डिजिटल जनगणना को सफल बनाने में आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button