OTHERS

नवरात्रि में नॉनवेज बनाने को लेकर जय मां भवानी पूजा समिति और डोमिनोज प्रबंधन आमने-सामने

पूजा पंडाल के सामने नॉनवेज ऑर्डर को लेकर बढ़ा विवाद, मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने कराया शांत; समिति ने अगले 9 दिनों तक स्टोर में नॉनवेज बंद कराने की मांग की

न्यूज विज़न। बक्सर
शहर के मेन रोड स्थित सत्यदेव गंज में सोमवार की देर शाम जय मां भवानी पूजा समिति के पंडाल के सामने नवरात्रि के दौरान नॉनवेज तैयार किए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद बढ़ने के बाद स्थिति को संभालने के लिए नगर थाना पुलिस को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करना पड़ा। पूजा समिति के पदाधिकारियों ने मामले की सूचना नगर थाना एवं अनुमंडल प्रशासन को देते हुए कार्रवाई की मांग की है।

 

जय मां भवानी पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अनुसार समिति द्वारा वर्ष 1999 से लगातार इसी स्थान पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। समिति का कहना है कि पूजा पंडाल के आसपास नवरात्रि के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहता है। इसी को लेकर करीब दो-तीन माह पूर्व सत्यदेव गंज में खुले डोमिनोज के प्रबंधन से नवरात्रि के दस दिनों तक स्टोर में नॉनवेज तैयार नहीं करने का आग्रह किया गया था।

 

समिति के सदस्यों का आरोप है कि उनके आग्रह के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उनका यह भी आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे को लेकर डोमिनोज के प्रबंधक एवं कर्मियों के साथ बातचीत के दौरान पूजा समिति के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

सोमवार की देर शाम डोमिनोज में कुछ नॉनवेज ऑर्डर आने के बाद पूजा समिति के सदस्यों ने इसका विरोध जताया। देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया और मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करते हुए विवाद को शांत कराया।

समिति ने थाने में दिया आवेदन

पूजा समिति के पदाधिकारियों ने नगर थाना में आवेदन देकर नवरात्रि के शेष नौ दिनों तक डोमिनोज स्टोर में नॉनवेज तैयार नहीं करने की मांग की है। समिति का कहना है कि पंडाल के समीप नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजन चल रहा है, ऐसे में उनकी भावनाओं एवं स्थानीय धार्मिक माहौल को ध्यान में रखते हुए स्टोर प्रबंधन को सहयोग करना चाहिए।

समिति की ओर से प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा नवरात्रि के दौरान किसी प्रकार के विवाद की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की गई है।

मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष सचिन कुमार राय, सचिव सागर वर्मा, उपाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल, कोषाध्यक्ष बिट्टू सिंह, उप कोषाध्यक्ष अभिषेक दुबे, प्रियेश रंजन सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

वहीं, विवाद के बाद पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किए जाने से फिलहाल मामला शांत हो गया है। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button