नगर परिषद की ओर से शहर में अस्थाई प्याऊ की गई व्यवस्था
शीतल और शुद्ध पेयजल के लिए स्थापित किए गये हैं 60 वाटर एटीएम


न्यूज विजन। बक्सर
प्रचंड गर्मी में लोगों को शीतल पानी के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। मौसम की बेरुखी को देखते हुए नगर परिषद की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में अस्थाई रूप से दस प्याऊ की व्यवस्था की गई है। नगर परिषद ने पहले से ही आमजन को शुद्ध और शीतल पेयजल मुहैया कराने के लिए विभिन्न जगहों पर कुल साठ वाटर एटीएम लगाया है।
नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि अंबेडकर चौक, ज्योति प्रकाश चौक, पुलिस चौकी, नगर परिषद कार्यालय के पास, ताड़का नाला, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन, नगर भवन के अलावा विस्तारित क्षेत्र पांडेयपट्टी और अहिरौली में प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार और जगहों पर भी प्याऊ की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद से संबंधित किसी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद, बक्सर के टोल फ्री नंबर 18008433411 पर संपर्क कर सकते हैं।





