क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज पर बर्थडे पार्टी मनाना पड़ गया भारी, वायरल वीडियो के बाद आयोजक पर एफआईआर दर्ज
बैरिकेडिंग हटाकर मनाया गया जन्मदिन समारोह, केक काटने, डीजे और डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पुल निर्माण निगम की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज पर जन्मदिन की पार्टी मनाने का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर 11 जुलाई की रात आयोजित बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में राकेश कुमार सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के परियोजना अभियंता अभिषेक कुमार एवं कनीय अभियंता राजीव कुमार शुक्ला ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर बताया कि रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एलसी संख्या-70 रेलवे ओवरब्रिज तकनीकी खामियों के कारण बंद है और वहां मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर बैरिकेडिंग लगाकर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
आरोप है कि 11 जुलाई की रात बैरिकेडिंग हटाकर पुल पर जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान केक काटा गया, डीजे की तेज धुन पर डांस किया गया और जमकर जश्न मनाया गया। कार्यक्रम का विरोध संवेदक के मुंशी द्वारा किए जाने के बावजूद आयोजकों ने समारोह जारी रखा, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
अश्लील गीतों पर डांस और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र का भी आरोप
पुल निर्माण निगम द्वारा दिए गए आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र (डीजे) का उपयोग किया गया तथा महिलाओं से अश्लील गीतों पर नृत्य कराया गया। इससे आसपास के लोगों को भी काफी असुविधा हुई। निगम का कहना है कि यह पूरा कार्यक्रम प्रतिबंधित क्षेत्र में आयोजित किया गया, जो सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है।
वीडियो और तस्वीरों के आधार पर हुई पहचान
परियोजना अभियंता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कार्यक्रम का आयोजन राकेश कुमार सिंह द्वारा किया गया था। इसी आधार पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया, जिसे स्वीकार करते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
वायरल वीडियो से उठे थे सुरक्षा पर सवाल
गौरतलब है कि 11 जुलाई की रात पुल पर मनाई गई बर्थडे पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में लोग बैरिकेडिंग के भीतर पहुंचकर केक काटते, डीजे पर नाचते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक निगरानी, निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा और बैरिकेडिंग व्यवस्था को लेकर लोगों ने गंभीर सवाल उठाए थे।
एसडीओ बोले— साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद निर्माणाधीन एवं क्षतिग्रस्त सरकारी संरचनाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





