OTHERS

अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

जिलेभर में अक्षय तृतीया का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया, पूजा अर्चना व दान पुण्य कर मंगल की कामना की

न्यूज विजन। बक्सर
जिलेभर में अक्षय तृतीया का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। अहले सुबह से ही शहर के रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट, गोला घाट, सिद्धनाथ घाट समेत अन्य गंगा घाट पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सबसे अधिक भीड़ रामरेखा घाट पर थी। हजारों श्रद्धालुओं ने अक्षय तृतीया पर गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर भक्तिमय माहौल रहा।

 

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा अर्चना की। साथ ही पंडित जी से श्री हरि भगवान विष्णु की कथा सुनी। रामरेखा घाट पर पुजारी ने श्रद्धालुओं को अक्षय तृतीया के महात्म्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दिन दिया गया दान अक्षय होता है। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को गंगा स्नान और श्रीहरि पूजन से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन माता लक्ष्मी व विष्णु भगवान की पूजा का भी विशेष महत्व होता है।

 

अक्षय तृतीया के दिन सोना, चांदी, हीरा आदि का जेवर खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना के बाद पानी से भरा मिट्टी का पात्र, हाथ पंखा, अनाज, द्रव्य आदि का दान किया। वहीं गरीब और असहायों के बीच भी अनाज व द्रव्य का दान किया।

ऐसी मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन शुभ कार्य कराना फलदाई होता है। रामरेखा घाट पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का विधि-विधान के साथ मुंडन संस्कार कराकर दीर्घायु होने की कामना की। मुंडन संस्कार के अलावा तनाव, कर्ण छेदन जैसे संस्कार भी संपन्न कराए गए। इस दौरान गंगा घाट मांगलिक गीतों से गूंजता रहा। शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन चौकस दिखा। प्रशासन की ओर से घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, गोताखोर व पुलिस की तैनाती की गई थी। रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट समेत तमाम प्रमुख घाटों पर पुलिस अधिकारी स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे थे। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button