अवैध हथियार के साथ कुख्यात आरोपी मनीष उर्फ करिया सिंह गिरफ्तार
दहिवर- दलसागर मार्ग पर घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद; दर्जनों मामलों में पहले से है संलिप्तता


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
सोमवार को सदर डीएसपी गौरव पांडेय ने प्रेसवार्ता आयोजित कर जानकारी दी कि 19 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से दहिवर से दलसागर की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दहिवर स्थित शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस बल की मुस्तैदी के आगे उसकी एक न चली और उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मनीष सिंह उर्फ करिया सिंह, निवासी दहिवर, थाना औद्योगिक, जिला बक्सर के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में औद्योगिक थाना की टीम की अहम भूमिका रही।
वीडियो देखें :





