OTHERS

उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद, चालक फरार

बक्सर चौसा मुख्य मार्ग पर दानी कुटिया के समीप सड़क किनारे ट्रक में छापेमारी, सैकड़ों कार्टन विदेशी-देसी शराब जब्त; इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। सोमवार को बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग स्थित दानी कुटिया के समीप सड़क किनारे खड़े एक संदिग्ध 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी और देसी शराब बरामद की गई। हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मार्ग पर एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद विभाग की इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी ने किया। टीम के पहुंचते ही ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बरामद ट्रक (नंबर – UP 65 D 2377) के अंदर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और देसी शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। उत्पाद विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जब्त शराब में शामिल हैं:
* 8 PM व्हिस्की (180 ML) – 1248 पीस
* ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की (180 ML) – 1248 पीस
* दबंग देसी शराब (200 ML) – 1710 पीस

 

कुल मिलाकर 449 लीटर विदेशी शराब और 342 लीटर देसी शराब बरामद की गई है, जो कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। छापेमारी के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि तस्करों को कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी। फिलहाल उत्पाद विभाग ट्रक के मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटा हुआ है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार अभियान चलाकर ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं भी शराब की अवैध बिक्री या भंडारण की सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button