तस्वीरों में देखें छठ : आस्था का महापर्व छठ के तीसरे दिन व्रतियों ने दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य




न्यूज़ विज़न। बक्सर
सूर्य उपासना का महापर्व छठ जिलेभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए पर्व के तीसरे दिन रविवार को छठ व्रतियों ने गंगा किनारे, नहर किनारे और शहर में बने स्थायी और अस्थायी घाटों पर डुबकी लगाई और फिर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। व्रती महिलाओं के साथ ही उनके परिवारजनों ने भी छठ मइया का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान व्रती महिलाएं गीतों के माध्यम से छठ मइया की महिमा की बखान भी किया। सोमवार को सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा।










दोपहर बाद से ही घाटों पर पहुंचने लगे श्रद्धालु :



नगर क्षेत्र विभिन्न छठ घाटों पर दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रती के साथ परिवार के लोग भी रविवार को दोपहर बाद तीन से बजे से घाटों पर पहुंचने लगे थे। यह सिलसिला अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने तक चलता रहा। पुरुष सिर पर टोकरी में लिए पूजन सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचे, जबकि कलश पर जलते दीपक के साथ व्रती महिलाएं नंगे पैर छठ मइया के गीत गाते हुए घाट पर पहुंचीं। सूर्य उपासना के इस महापर्व पर छठ मइया के जयकारे से पूरा वातावरण गूंज रहा था। कुछ श्रद्धालु अपनी मन्नतों के चलते घर से लेट कर घाटों तक पहुंचे। सूर्यास्त का समय होते ही छठ व्रती पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करने लगे। इसके बाद डूबते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर युवाओं और बच्चों में भी गजब का उत्साह देखा गया। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों “मारबउ रे सुगवा धनुष से.., कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए.., छठि मइया होइह सहाय.. से माहौल भक्तिमय बना रहा। सोमवार को सुबह उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद पारण किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत पूरा हो जाएगा।




सदर विधायक, सभापति और उप सभापति सहित अन्य नेताओं ने वोट या स्टीमर से घाटों का किया भ्रमण व्रतियों से माँगा आशीर्वाद :
छठ पूजा के दौरान सदर सदर विधायक कुमार तिवारी उर्फ़ मुन्ना तिवारी, केंद्रीय मंत्री चौबे के प्रतिनिधि स्वरूप पुत्र अविरल चौबे, नप सभापति कमरून निशा, उप सभापति इशरत बानो, नियमतुल्ला फरीदी, रामजी सिंह समेत अन्य कई नेताओ ने गंगा में वोट से भ्रमण कर छठ व्रतियों का आशीर्वाद मांगा।

डीएम ने शहर के विभिन्न घाटों का वोट से लिया निगरानी :
शहर के केंद्रीय कारा से अहिरौली गंगा घाट तक गंगा के सभी घाटों पर गोताखोर मौजूद रहे। वही सुरक्षा की दृष्टिकोण से एनडीआरएफ की टीमें में गंगा में गश्त करती रही। एनडीआरएफ का मुख्य केंद्र रामरेखा घाट पर बना हुआ था। वही प्रशाशन द्वारा भी में आई हेल्प यु का भी शिविर लगा हुआ था। इसके साथ ही डीएम अंशुल अग्रवाल, एसडीओ धीरेन्द्र मिश्रा, एसडीपीओ धीरज कुमार भी वोट से सभी गंगा घाटों की निगरानी कर रहे थे। इस महापर्व में अहम् भूमिका निभा रही नप कार्यपालक पदाधिकारी प्रेम स्वरूपम भी अपने कर्मियों के साथ निगरानी कर रही थी। महापर्व को लेकर शहर के रामरेखा घाट, गोला घाट व अम्बेदकर घाट पर भगवन भास्कर की अद्भुत प्रतिमा रख पूजा समितियों द्वारा पूजा अर्चना किया गया।

रामरेखा घाट व नाथ घाट पर बने सेल्फी प्वाइंट पर युवा युवतियों ने लिया सेल्फी :
शहर के रामरेखा घाट व नाथ घाट पर नगर परिषद् द्वारा बनाया गया सेल्फी प्वाइंट पर जमकर व्रतियों व युवा युवतियों ने सेल्फी लेकर पर्व को यादगार बनाया। भगवान शंकर की जटा से गंगा निकलती दर्शाया गया था।

