ग्रेड पे में बढ़ोतरी की मांग को लेकर कृषि समन्वयको का हड़ताल तीसरे दिन भी रहा जारी
कृषि समन्वयको के हड़ताल से बाधित है कृषि विभाग की दर्जनों योजनाएं, किसानों को नही मिल रहा है बीज




न्यूज विजन | बक्सर
ग्रेड पे में बढ़ोतरी की मांग को लेकर तीसरे दिन भी कृषि समन्वयक हड़ताल पर रहे। गुरुवार को सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन के मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर कृषि समन्वयकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना की अध्यक्षता कर रहे जिला कृषि समन्वयक संघ के अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह ने कहा कि इस बार की लड़ाई आर-पार की है। जब तक सरकार हमारी मांग को नहीं मानती है तब तक हड़ताल जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वेतन संशोघन और ग्रेड पे में बढ़ोतरी को लेकर कई दफे बैठक का दौर चला। बैठक में सिर्फ और सिर्फ भरोसा दिया गया। इस बार भरोसा से काम नहीं चलेगा। हम सबों को रिजल्ट चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना में स्पष्ट है कि स्नातक स्तरीय कृषि समन्वयक का पद घोषित है। हम सब तकनीकी प्रोफेसनल योग्यताधारी हैं। विभागीय स्तर से गठित छह सदस्यीय कमिटी द्वारा निर्णय लिया गया कि कृषि समन्वयकों का वेतनमान 2800 से उत्क्रमित कर 4600 किया जाय। वहीं कृषि विभाग के सचिव एवं निदेशक द्वारा संयुक्त हस्ताक्षर से लिखित रूप में वेतनमान 4600 करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन, उक्त निर्णय को आज तक पूरा नहीं किया गया, जो हम सबों के साथ छलावा है। इस रैवया से तंग आकर हड़ताल पर जाना पड़ा।
12 जून को पटना में धरना-प्रदर्शन करेंगे कृषि समन्वयक
संघ के अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह ने बताया कि बिहार कृषि समन्वयक कार्यसमिति के आह्वान पर आगामी 12 जून को गर्दनीबाग, पटना में धरना-प्रदर्शन होगा। इसमें अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुंभकरणी निंद में सोई हुई सरकार को जगाने, अपनी मांग को सूबे के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री व कृषि विभाग तक पहुंचाने का कार्य धरना-प्रदर्शन के माध्यम से किया जाएगा। कहा कि समन्वयकों के हड़ताल पर चले जाने के कारण कृषि विभााग की समस्त महत्वपूर्ण योजनाओं पर ब्रेक लग गया है। इस परिस्थिति में हम लोगों के जायज मांग पर सरकार को सहानभूतिपूर्वक विचार करते हुए मनोबल बढ़ाना चाहिए।
धरना प्रदर्शन में कृषि समन्वयक अमान अहमद, अमरेश कुमार राय, संजय कुमार सिंह, अमेश प्रसाद, प्रमोद कुमार राय, शंकर दयाल यादव, अनिल कुमार, विनय रंजन, महिपाल राय, राजीव रंजन, अभिमन्यु सिंह आदि शामिल थे।

