गंगा में डूबने से दो की मौत, गवना के बाद घर महिलाओ के साथ ककन छुड़ाने गंगा तट पर गयी थी मृतका




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के तिलक राय के हाता ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय गंगा घाट पर नहाने के दौरान डूबने से दो की मौत हो गई। जबकि तीसरी बच्ची को उनकी घर की महिलाओं द्वारा बचा लिया गया। सभी एक ही परिवार के है तथा घर में लड़के की शादी के बाद ककन छुड़ाने की रस्म के तहत परिवार की महिलाओं के साथ तिलक राय के हाता गंगा घाट गई थी।








घटना के सम्बन्ध में स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे के आसपास बड़का राजपुर नई बस्ती के त्रिलोकी बिंद के लड़के के गवना की बारात लौट कर आई थी। गुरुवार की शाम घर की महिलाएं तथा कुछ बच्चियां ककन छुड़ाने का रस्म पूरा करने के लिए तिलक राय के हाता गंगा घाट गई थी। इसी दौरान गंगा में स्नान करने लगी और गहरे पानी गयी जिससे ये घटना हो गयी। मृतकों में तिलक राय के हाता ओपी थाना क्षेत्र के स्थानीय बड़का राजपुर नई बस्ती के पुरुषोत्तम बिंद की 18 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और भरियार ओपी थाना क्षेत्र के अरक गांव के हरिमोहन चौधरी की 16 वर्षीय पुत्री रागिनी कुमारी शामिल हैं। जबकि बड़का राजपुर नई बस्ती के त्रिलोकी बिंद की 14 वर्षीय पुत्री धनमुन कुमारी को बचा लिया गया है, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने तथा शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।



जानकारी के अनुसार नहाने के क्रम में ही रागिनी, सोनी और धनमून गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उन्हें डूबता देख साथ ही महिलाओं ने बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक रागिनी और सोनी उनकी आंखों से ओझल हो गई थी, जबकि धनमुन को महिलाओं ने किसी तरह बचा लिया। हालांकि थोड़ी देर बाद पानी में डूबी रागिनी और सोनी को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में मातमी सन्नाटा पसर गया। अभी चंद घंटे पहले जो चेहरे हंसी ठिठोली कर रहे थे, वे चीखने चिल्लाने लगे थे। घटनास्थल पर देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों के भीड़ उमड़ गई थी। परिजनों के क्रंदन चीत्कार से गंगा घाट से लेकर बड़का राजपुर नई बस्ती तक का माहौल गमगीन हो गया था।
तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष लालबाबू सिंह ने बताया की गंगा में नहाने के दौरान दो किशोरियों की मौत हुई है, जबकि एक को बचा लिया गया है। दोनों शवों को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पीड़ित पक्ष को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा।

