OTHERS

बक्सर में राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का भव्य आगाज, डीएम साहिला ने किया उद्घाटन

19 से 23 जुलाई तक इंडोर बैडमिंटन हॉल में होगा रोमांचक मुकाबला, बिहार के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देशानुसार जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ रविवार को इंडोर बैडमिंटन हॉल, बक्सर में भव्य समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद डीएम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीएम साहिला ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच उपलब्ध कराती हैं तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

 

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला बैडमिंटन संघ एवं आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बक्सर जैसे जिलों में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता अरुण कुमार, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) तथा वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। संघ के सचिव उमेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित होने वाले मुकाबलों तथा तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं वाइस सचिव आशुतोष राय ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पांच दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 19 से 23 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्गों के एकल और युगल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे इंडोर बैडमिंटन हॉल में खेल के प्रति उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। जिला खेल कार्यालय, बक्सर एवं जिला बैडमिंटन संघ द्वारा प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button