ज्वेलरी दुकान में खरीदारी के बहाने ‘हाथ की सफाई’! 35-40 हजार के कान के टॉप्स गायब, CCTV में कैद हुईं दो महिलाएं
जमुना चौक स्थित गंगाराम मदन प्रसाद झुन बाबू ज्वेलरी शॉप में वारदात का आरोप, महिलाओं के जाने के बाद मिलान में हुआ चोरी का खुलासा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के जमुना चौक स्थित गंगाराम मदन प्रसाद झुन बाबू ज्वेलरी शॉप में शनिवार, 29 अगस्त की शाम करीब छह बजे ज्वेलरी चोरी का मामला सामने आया है। दुकान संचालक के अनुसार, दो महिलाएं आभूषण खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचीं और कान के सुई-धागा टॉप्स देखने के दौरान कथित तौर पर करीब 35 से 40 हजार रुपये कीमत के टॉप्स गायब कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है।
दुकान के प्रोपराइटर अशोक जी सर्राफ के अनुसार, शनिवार की शाम दो महिलाएं दुकान पर ज्वेलरी खरीदने के लिए आई थीं। उन्होंने कई आभूषण देखने के बाद विशेष रूप से कान के सुई-धागा टॉप्स दिखाने को कहा। इसी दौरान दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर बड़ी सफाई से टॉप्स गायब कर दिए। महिलाओं के दुकान से बाहर निकलने के बाद जब दुकान में रखे आभूषणों का मिलान किया गया तो करीब 35 से 40 हजार रुपये मूल्य के टॉप्स गायब मिले। इसके बाद दुकानदार ने तत्काल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज में महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां नजर आने का दावा
सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दोनों महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। फुटेज में उनके द्वारा ज्वेलरी देखने के दौरान की गई गतिविधियों को रिकॉर्ड किया गया है। इसके आधार पर अब दोनों महिलाओं की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद ज्वेलरी कारोबारियों में भी चिंता का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि खरीदारी के बहाने दुकान में आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखना और ज्वेलरी दिखाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। फिलहाल दुकानदार की ओर से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की कोशिश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचना दिए जाने की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।





