आरा में वरिष्ठ सामाजिक पदाधिकारी की हत्या से मानवाधिकार संगठन में आक्रोश, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
भोजपुर पुलिस अधीक्षक से संगठन ने की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग, पीड़ित परिवार और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर दिया जोर

न्यूज़ विज़न। बक्सर
आरा में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं रोटेरियन श्री राम कुमार सिंह की हत्या की घटना से मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। घटना को गंभीरता से लेते हुए संगठन के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम सहित बक्सर एवं आरा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भोजपुर पुलिस प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेते हुए हत्या में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
संगठन के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि श्री राम कुमार सिंह की हत्या की घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। ऐसे मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच किया जाना आवश्यक है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके। उन्होंने मांग की कि पुलिस घटना में शामिल हमलावरों के साथ-साथ हत्या की साजिश में शामिल संभावित साजिशकर्ताओं और सहयोगियों की भी पहचान करे। इसके लिए घटनास्थल एवं अन्य संबंधित स्थानों से उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित तरीके से जांच आगे बढ़ाई जाए। संगठन ने कहा कि किसी भी दोषी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए और दोष सिद्ध होने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की कि घटना के बाद पीड़ित परिवार की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, मामले से जुड़े प्रत्यक्षदर्शी गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि वे बिना किसी भय या दबाव के पुलिस एवं न्यायिक प्रक्रिया में अपना बयान दे सकें। संगठन ने मामले से संबंधित सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है, ताकि जांच की प्रक्रिया किसी भी स्तर पर प्रभावित न हो और दोषियों के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई के लिए पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
इस घटना पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्री राम कुमार सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में संगठन परिवार के साथ खड़ा है।संगठन ने स्पष्ट किया कि श्री राम कुमार सिंह की हत्या के मामले में न्याय की मांग को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाता रहेगा। संगठन ने उम्मीद जताई कि भोजपुर पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगी।




