वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. गुप्ता के निधन पर रश्मि मैटरनिटी एवं हाई टेक अस्पताल में शोक सभा, चिकित्सकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक रहे डॉ. गुप्ता की सेवाओं को किया याद, डॉ. रश्मि रानी ने कहा—जरूरतमंदों के प्रति उनकी सेवा भावना हमेशा रहेगी स्मरणीय


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. गुप्ता के निधन पर शहर में शोक की लहर है। उनके निधन पर शहर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित रश्मि मैटरनिटी अस्पताल में डॉ. रश्मि रानी तथा बाईपास रोड स्थित हाईटेक अस्पताल में कंचन सिंह की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत चिकित्सक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
शोक सभा के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि रानी ने डॉ. आर.के. गुप्ता के निधन को चिकित्सा जगत के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता सर ने लंबे समय तक सदर अस्पताल में अपनी सेवाएं देकर आम लोगों और जरूरतमंद मरीजों की निष्ठापूर्वक सेवा की। चिकित्सा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। डॉ. रश्मि रानी ने कहा कि डॉ. गुप्ता केवल एक कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति भी बेहद संवेदनशील व्यक्ति थे। जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनका व्यवहार, सहजता और सेवा भावना उन्हें दूसरों से अलग पहचान दिलाती थी। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डॉ. आर.के. गुप्ता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। बेहतर इलाज के लिए उनका पटना में उपचार चल रहा था, जहां सोमवार को उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही चिकित्सा जगत एवं उनसे जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। शोक सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि डॉ. गुप्ता का व्यक्तित्व सरल, सहज और सेवाभावी था। उन्होंने अपने चिकित्सकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना उनके व्यक्तित्व की खास पहचान थी।
अंत में उपस्थित चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। लोगों ने कहा कि डॉ. आर.के. गुप्ता भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन चिकित्सा सेवा और समाज के प्रति उनके योगदान की स्मृतियां हमेशा जीवित रहेंगी।





