बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF का बड़ा अभियान, 80 लोग गिरफ्तार, ₹38,700 जुर्माना वसूला
महिला एवं दिव्यांग कोच में यात्रा, अवैध लाइन क्रॉसिंग और नो-पार्किंग नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन पर बुधवार 3 जून को आयोजित मैजिस्ट्रेट कैंप कोर्ट के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत महिला आरक्षित कोच एवं दिव्यांगजन कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों, रेलवे ट्रैक को अवैध रूप से पार करने वालों (ट्रेस पास/लाइन क्रॉस) तथा स्टेशन परिसर में नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 80 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मैजिस्ट्रेट कैंप कोर्ट में सुनवाई के उपरांत सभी आरोपितों से कुल ₹38,700 का जुर्माना वसूला गया। RPF अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनुशासन बनाए रखने तथा दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाए जाते हैं। महिला एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत प्रवेश न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जरूरतमंद यात्रियों के अधिकारों का भी हनन करता है।
अधिकारियों ने यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों से ही आवागमन करने तथा स्टेशन परिसर में यातायात नियमों का अनुपालन करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





