शहर में ‘मौत के गड्ढे’! फाइबर केबल के नाम पर सड़कों की खुदाई कर छोड़ दी कंपनियां, हर दिन हो रहे हादसे


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर में पिछले लगभग 15 दिनों से दूरसंचार कंपनियों की लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। अंडरग्राउंड फाइबर केबल बिछाने के नाम पर शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे गड्ढे खोदकर उन्हें यूं ही खुला छोड़ दिया गया है, जिससे आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
स्थिति यह है कि सम्राट अशोक चौक स्थित किराना दुकान के सामने, ज्योति प्रकाश चौक पर फल दुकान के समीप, यमुना चौक पर गंगाराम मदन प्रसाद झुन बाबू के दुकान के सामने सहित मेन रोड के दर्जनों स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे खुले पड़े हैं। इन गड्ढों में गिरकर कई राहगीर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन अब तक न तो इन्हें भरा गया है और न ही किसी प्रकार की चेतावनी या सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में तो किसी तरह लोग इन गड्ढों से बच निकलते हैं, लेकिन रात के समय ये गड्ढे और भी खतरनाक साबित हो रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति जानलेवा बनती जा रही है।
लोगों में दूरसंचार कंपनियों के प्रति आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि कंपनियां काम तो शुरू कर देती हैं, लेकिन उसे समय पर पूरा नहीं करतीं और न ही खुदाई के बाद सड़कों को पहले जैसी स्थिति में लाने की जिम्मेदारी निभाती हैं। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सभी गड्ढों को भरवाया जाए और लापरवाह कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।





