OTHERS

मारवाड़ी महिला समिति की दो दिवसीय सावन प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को मिला नया मंच

गोयल धर्मशाला में सजे राखी, साड़ी, ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल, खरीदारी के लिए उमड़ी लोगों की भारी भीड़

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर मारवाड़ी महिला समिति के तत्वावधान में शहर के स्टेशन रोड स्थित गोयल धर्मशाला में दो दिवसीय सावन प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में शहरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खास बात यह रही कि प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी के साथ पारंपरिक व्यंजनों का भी भरपूर आनंद लिया।

 

प्रदर्शनी में मारवाड़ी समाज की महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए और संचालित विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। यहां राखी, चादर, बैग, पर्स, ज्वेलरी, साड़ी, कुर्ती, चूड़ियां, गिफ्ट आइटम सहित घर में बने शुद्ध नमकीन, मंगोड़ी, पापड़, पाचक, मिठाइयां, झालमुड़ी और कई प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की भरपूर श्रृंखला उपलब्ध रही। रविवार को दूसरे दिन सुबह से ही प्रदर्शनी में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने सावन और रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए साड़ी, सलवार-सूट, कुर्ती, राखी और गिफ्ट आइटम की जमकर खरीदारी की। वहीं, घर में तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजनों और स्नैक्स की भी लोगों ने खूब सराहना की।

 

मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष लीना गोयल और सचिव सुनीता केजरीवाल ने बताया कि समिति का उद्देश्य महिलाओं को हर क्षेत्र में जागरूक करना तथा उनके घरेलू हुनर को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि घरों में तैयार होने वाले उत्कृष्ट उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना ही इस प्रदर्शनी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

अंचल प्रमुख ज्योति अग्रवाल ने बताया कि सावन माह के आगमन से पूर्व हर वर्ष इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। इसमें मारवाड़ी समाज की महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लेती हैं और अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाती हैं। यह आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष सबिता अग्रवाल सहित शैलजा लोहिया, मधु मानसिंहका, प्रेमा मानसिंहका, सारिका गोयल, किरण सर्राफ, निशि पोद्दार, नेहा मित्तल, मंजू मानसिंहका, शालिनी सर्राफ, सरिता गोयल, ममता, पूनम शर्मा, निर्मला मानसिंहका, उषा गोयल एवं मारवाड़ी समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन में महिलाओं के उत्साह और शहरवासियों की सहभागिता ने सावन प्रदर्शनी को यादगार बना दिया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button