डीएवी स्कूल में महात्मा हंसराज की जयंती पर कैरियर मार्गदर्शन का हुआ आयोजन




न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को डीएवी स्कूल लालगंज में भव्य रूप से महात्मा हंसराज की जयंती मनाई गई। जिसमे प्रदेश के सभी डीएवी स्कूलों के प्राचार्यों ने शिरकत किया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर के मुख्य वैज्ञानिक राम केवल ने किशोरों और किशोरियों के मध्य आज के परिप्रेक्ष्य में विभिन्न प्रकार के कैरियर से संबंधित विषयों पर गहन रूप से वार्ता की एवं उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों के ऊपर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।








अध्यक्षीय भाषण में विद्यालय प्रधान सह क्षेत्रीय निदेशक वी आनंद कुमार ने सर्वप्रथम महात्मा हंसराज के सादे जीवन और उच्च विचारों से नौनिहालों को अवगत कराया साथ ही उनके जीवन मूल्यों को भी समझाया तथा कैरियर मार्गदर्शन जैसे कार्यक्रमों की आज के परिवेश में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित किए जाने की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के लिए अपनी कटिबद्धता को स्पष्ट किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आने वाले भविष्य में विभिन्न ऊंचाइयों को प्राप्त करने हेतु खुले दिल से प्रोत्साहित किया एवं विज्ञान तथा कला को एक विशिष्ट ऊंचाई तक ले जाने के लिए प्रेरित किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र छात्राएं, शिक्षक बृंद एवं अभिभावक मौजूद रहे। मौके पर विद्यालय के दशम वर्ग के छात्र ज्ञान गर्व द्वारा महात्मा हंसराज की प्रतिमूर्ति स्वरूप एक झांकी प्रस्तुत किया गया जिसने सबको मंत्र मुग्ध कर लिया। कार्यक्रम का उदघाटन प्रातः गायत्री मंत्र, दीप प्रज्वलन एवं महात्मा हंसराज को श्रद्धा सुमन अर्पित करके किया गया। विद्यालय प्रधान सह क्षेत्रीय निदेशक वी आनंद कुमार ने सभी कृषि वैज्ञानिको, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों, विभिन्न डीएवी स्कूल के प्राचार्यों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को तहे दिल से धन्यवाद दिया।





