उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, आल्टो कार से 127 लीटर शराब बरामद
वीर कुंवर सिंह सेतु चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान अल्टो कार से देसी-विदेशी शराब जब्त, चालक हिरासत में


न्यूज़ विज़न। बक्सर
उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद विभाग चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक अल्टो कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। जांच के दौरान कार से देसी एवं विदेशी शराब मिलाकर कुल 127 लीटर शराब जब्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम शनिवार को वीर कुंवर सिंह सेतु चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर छिपाकर रखी गई देसी एवं विदेशी शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा करीब 127 लीटर पाई गई। कार से शराब बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए चालक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवनी गांव निवासी ओम प्रकाश सिंह के 26 वर्षीय पुत्र तेज नारायण सिंह के रूप में हुई है। शराब तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या BR 01 AQ 8408 को भी उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया है।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि वाहन जांच के दौरान कार से देसी और विदेशी शराब बरामद की गई है। मामले में हिरासत में लिए गए चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि शराब की अवैध तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में वाहनों की जांच एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।





