OTHERS

बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे डॉ. दिलशाद आलम, जमीनी हालात का लिया जायजा

बनारपुर समेत नदी किनारे के क्षेत्रों का किया दौरा, पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
जिले में गंगा समेत अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच नदी किनारे बसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है। इसी क्रम में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय, बिहार प्रदेश के महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बनारपुर सहित आसपास के नदी किनारे स्थित प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।

 

दौरे के दौरान डॉ. दिलशाद आलम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी मौजूदा स्थिति को समझने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों, आवश्यक सुविधाओं और राहत की जरूरतों से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में संगठन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता का प्रयास किया जाएगा। डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाढ़ पीड़ितों और जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति और लोगों की आवश्यकताओं का आकलन किया जा रहा है। जमीनी स्थिति की पूरी जानकारी जुटाने के बाद मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के अन्य सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि राहत एवं सहायता कार्य को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

 

उन्होंने कहा कि बाढ़ और आपदा की स्थिति में सबसे अधिक परेशानी गरीब, कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को होती है। ऐसे समय में पीड़ितों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास रहेगा कि प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक समय पर आवश्यक राहत एवं सहायता पहुंचाई जा सके। इसके लिए स्थानीय स्तर पर स्थिति की लगातार जानकारी जुटाई जाएगी और जरूरत के अनुसार राहत कार्यों को गति दी जाएगी।

डॉ. दिलशाद आलम के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए ठोस पहल की जाएगी। इस मौके पर शम्साद अली, राहुल जायसवाल, मनीष उपाध्याय, कागर सिंह, मालेनी सहित मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button