OTHERS

बक्सर में 26 मई को होगा भव्य महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव, 21 गरीब कन्याओं का एक साथ होगा विवाह

गायक-अभिनेता अरविन्द अकेला "कल्लू" ने किया आमंत्रण, मां गंगा को समर्पित किया गया विवाह कार्ड; 25 मई से हरिकीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में सामाजिक सरोकार और मानवीय पहल का एक बड़ा उदाहरण आगामी 26 मई को देखने को मिलेगा, जब किला मैदान में महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में 21 गरीब एवं जरूरतमंद बहनों का एक साथ विधि-विधान के साथ विवाह कराया जाएगा।

 

इस आयोजन को लेकर मंगलवार को मॉडल थाना के समीप स्थित समाजसेवी एवं विवाह महोत्सव के अध्यक्ष ओम जी यादव के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर विवाह महोत्सव के संरक्षक, भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक एवं अभिनेता अरविन्द अकेला “कल्लू” विशेष रूप से उपस्थित रहे। अरविन्द अकेला “कल्लू” ने बताया कि इस महोत्सव के पहले चरण के तहत शादी के कार्ड पर हल्दी लगाकर उसका शुभारंभ किया गया है। साथ ही रामरेखा घाट पहुंच माँ गंगा को कार्ड समर्पित कर उन्हें इस पावन आयोजन में आमंत्रित किया गया। उन्होंने इसे एक अत्यंत पुण्य और नेक कार्य बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन में लोगों को बिना निमंत्रण के भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

 

उन्होंने आगे कहा कि वे देश के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं और हमेशा यह इच्छा रही कि बक्सर में भी ऐसा आयोजन हो। जब ओम जी यादव ने इस महोत्सव का प्रस्ताव रखा तो उन्हें बेहद खुशी हुई और उन्होंने इसे सफल बनाने का संकल्प लिया। पहले जहां 11 जोड़ों का लक्ष्य था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इस महोत्सव में भोजपुरी जगत के कई चर्चित कलाकारों की उपस्थिति भी देखने को मिलेगी, जिनमें अंकुश राजा, रितेश पांडेय, अनुपमा यादव, शिवानी सिंह और आर्यन बाबू समेत अन्य स्थानीय कलाकार शामिल होंगे।

 

वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम जी यादव ने बताया कि सभी 21 कन्याओं के विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 25 मई को सुबह 10 बजे किला मैदान में हरिकीर्तन के साथ होगी। इसके बाद 26 मई को सुबह 10 बजे तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर में हल्दी एवं मेहंदी की रस्में पूरी की जाएंगी। शाम 6 बजे भव्य बारात शहर भ्रमण के लिए निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए किला मैदान पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7 बजे से वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह की रस्में संपन्न होंगी। यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता और सहयोग का प्रतीक बनेगा, बल्कि गरीब परिवारों के लिए एक नई उम्मीद और सहारा भी साबित होगा। प्रेसवार्ता के दौरान सिकंदर जी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button