OTHERS

किसान के बेटे राकेश ने रचा सफलता का इतिहास, 25 लाख के पैकेज पर हुआ चयन

नवोदय से इंटर, AKTU से बीटेक, IIT भुवनेश्वर से एमटेक और IIT दिल्ली से पीएचडी तक का सफर; कृतपुरा गांव के राकेश की उपलब्धि से बक्सर में खुशी की लहर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कृतपुरा गांव के किसान पुत्र राकेश कुमार राय ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे बक्सर जिले का मान बढ़ाया है। किसान परिवार से आने वाले राकेश कुमार राय का चयन एक्रोन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में करीब 25 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर हुआ है। उनकी इस सफलता की खबर मिलते ही कृतपुरा गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

 

नवोदय विद्यालय से शुरू हुआ शिक्षा का सफर

राकेश कुमार राय शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और मेहनती छात्र रहे हैं। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इसके बाद तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए उन्होंने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) से वर्ष 2013 से 2017 के बीच बीटेक की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के प्रति अपने जुनून और बेहतर करने की इच्छा को जारी रखते हुए राकेश ने आईआईटी भुवनेश्वर में दाखिला लिया, जहां उन्होंने वर्ष 2019 से 2021 तक एमटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल आईआईटी दिल्ली से वर्ष 2021 से 2026 तक पीएचडी की पढ़ाई पूरी की। लगातार वर्षों तक कठिन परिश्रम, अध्ययन और शोध के बाद अब राकेश कुमार राय का चयन एक्रोन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में करीब 25 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर हुआ है। उनकी यह उपलब्धि उनके लंबे शैक्षणिक सफर और मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।

 

किसान परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी उपलब्धि

राकेश कुमार राय कृतपुरा गांव निवासी किसान राजेंद्र प्रसाद राय के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में उच्च शिक्षा हासिल करना और इसके बाद बेहतर पैकेज पर नौकरी हासिल करना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। राकेश के बड़े भाई भाजपा नेता एवं निवर्तमान मंडल अध्यक्ष सोनू राय भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं और क्षेत्र में समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। छोटे भाई की इस उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जताते हुए इसे पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

सोनू राय ने कहा- परिवार को राकेश की सफलता पर गर्व

राकेश कुमार राय की सफलता पर उनके बड़े भाई सोनू राय ने कहा कि राकेश शुरू से ही पढ़ाई में काफी मेधावी और मेहनती रहे हैं। उन्होंने अपने लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत की और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी।उन्होंने कहा कि किसान परिवार से निकलकर नवोदय विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करना, इसके बाद बीटेक, आईआईटी भुवनेश्वर से एमटेक और आईआईटी दिल्ली से पीएचडी की पढ़ाई पूरी करना तथा अब करीब 25 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित होना पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनी राकेश की सफलता

राकेश कुमार राय की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद उच्च शिक्षा और बेहतर करियर का सपना देखते हैं। उनकी शैक्षणिक यात्रा यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर कठिन से कठिन मुकाम हासिल किया जा सकता है। राकेश की उपलब्धि के बाद कृतपुरा गांव में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्यों के साथ-साथ मित्रों, शुभचिंतकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि राकेश कुमार राय की सफलता बक्सर के युवाओं को उच्च शिक्षा और अपने सपनों को पूरा करने के लिए नई प्रेरणा देगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button