OTHERS

सोनबरसा में पूर्व सैनिक स्व० दुर्योधन प्रसाद की प्रतिमा का भव्य अनावरण

राष्ट्रभक्ति के नारों और सैन्य सम्मान के बीच भावभीनी श्रद्धांजलि, युवाओं के लिए बना प्रेरणास्रोत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के सोनबरसा गांव में बृहस्पतिवार का दिन राष्ट्रसेवा और पूर्वजों के प्रति अगाध श्रद्धा का साक्षी बना। पूर्व सैनिक स्वर्गीय दुर्योधन प्रसाद की स्मृति में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

 

इस गौरवमयी कार्यक्रम का सफल आयोजन स्वर्गीय दुर्योधन प्रसाद के पुत्र हवलदार श्रीप्रकाश बाबू (भारतीय सेना) एवं आलोक बाबू द्वारा किया गया। प्रतिमा का अनावरण स्वर्गीय प्रसाद की धर्मपत्नी सुनीता देवी ने रिबन काटकर किया। तत्पश्चात बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच प्रतिमा का आवरण हटाकर उसे समाज को समर्पित किया। अनावरण के बाद उपस्थित सभी सैनिकों एवं अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर स्वर्गीय प्रसाद को श्रद्धांजलि दी। पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने समारोह को ओजस्वी और भावनात्मक बना दिया।कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजक श्रीप्रकाश बाबू ने संघ के पदाधिकारियों का फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। मीडिया से बातचीत के दौरान स्वर्गीय दुर्योधन प्रसाद की पत्नी और पुत्र अपने प्रियजन की स्मृतियों को याद कर भावुक हो उठे, जिससे उपस्थित लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

 

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक सैनिक का सम्मान नहीं, बल्कि समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। यह हमें राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और माता-पिता के प्रति सम्मान का संदेश देती रहेगी। समारोह में सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष, सूबेदार मेजर जितेंद्र सिंह (सदर अनुमंडल अध्यक्ष), नायब सूबेदार मिथिलेश यादव (जिला महासचिव), नायब सूबेदार राजबली सिंह (पेंशन डायरेक्टर), नायब सूबेदार फुल बदन सिंह, नायब सूबेदार जयराम सिंह, कैप्टन राजीव रंजन तिवारी, नायब सूबेदार भोला राम, हवलदार शिवकुमार सिंह, नायब सूबेदार तारा बाबू सिंह (मीडिया प्रभारी), नायब सूबेदार नारदमुनि सिंह, नायब सूबेदार अनन्त कुमार सिंह, हवलदार मोहन यादव, नायब सूबेदार बिपिन कुमार सिंह (चक्की प्रखंड अध्यक्ष), नायब सूबेदार संतोष सिंह (अध्यक्ष युवा ब्रिगेड), सूबेदार मेजर राजेंद्र प्रसाद, सूबेदार ललन तिवारी, नायक सीताराम प्रसाद, नायक जगलाल साहू सहित अनेक गणमान्य पूर्व सैनिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सोनबरसा गांव में आयोजित यह समारोह न केवल एक महान पूर्व सैनिक को श्रद्धांजलि था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और संस्कारों की प्रेरणा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बन गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button