POLITICS

क्षेत्र की जनता का निर्णय ही सर्वमान्य होगा : प्रो. हृदय नारायण सिंह

सदर से पूर्व विधायक प्रो. हृदय नारायण सिंह ने क्षेत्र में शुरू किया साथी संवाद अभियान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नज़दीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में बक्सर सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक प्रो. हृदय नारायण सिंह ने “साथी संवाद कार्यक्रम” के तहत जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की है।

 

शुक्रवार को प्रो. सिंह ने सदर विधानसभा क्षेत्र के बघेलवा, बेचनपुरवा, रोहिनिभान, रसूलपुर, देवीडेहरा, कठतर, कोचाढ़ि, बनारपुर समेत कई गाँवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और समर्थकों से मुलाक़ात कर क्षेत्र की समस्याओं और परिस्थितियों की जानकारी ली। ग्रामवासियों ने बातचीत के दौरान कहा कि पिछले दस वर्षों में विकास की रफ्तार बहुत धीमी रही है। बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर लोगों को अब भी संघर्ष करना पड़ता है। ग्रामीणों ने विकास की गति को “चींटी की चाल” बताया और इस बार क्षेत्र में एक मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता जताई।

 

प्रो. सिंह से उम्मीदवार बनने की मांग

गाँवों के लोगों और समर्थकों ने साफ़ शब्दों में कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में वे चाहते हैं कि प्रो. हृदय नारायण सिंह फिर से मैदान में उतरें। उनका मानना है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की एक नई उम्मीद जग सकती है। साथी संवाद के दौरान प्रो. सिंह ने कहा कि हम अभी अपने साथियों से मिलकर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और जनता की राय जान रहे हैं। आगे चलकर जैसा निर्णय हमारे साथी और क्षेत्र की जनता लेंगी, वही सर्वमान्य होगा। उन्होंने आगे कहा कि अपने कार्यकाल में क्षेत्र के लिए कई विकास कार्य करवाए गए थे, लेकिन रखरखाव और मरम्मत के अभाव में आज वे अधूरे या जीर्ण-शीर्ण हो गए हैं। प्रो. सिंह ने यह भी बताया कि चुनाव हारने के बाद भी उन्होंने क्षेत्र से नाता नहीं तोड़ा और लगातार जनता के सुख-दुख में शामिल होते रहे। सप्ताह में एक-दो दिन निकालकर वे आज भी लोगों की समस्याएं सुनते और समाधान का प्रयास करते आ रहे हैं।

सैकड़ों लोग हुए शामिल

साथी संवाद कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर रामेश्वर यादव, कमलेश सिंह, सुरेंद्र चौधरी, ओमप्रकाश नट, त्रिपुरारी सिंह, रामजी यादव, विनोद नट, जनार्दन सिंह, उत्तम चौधरी, अख़्तर आह्वान समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस अभियान ने बक्सर सदर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को नई दिशा देने के संकेत दिए हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रो. हृदय नारायण सिंह जनता की माँग और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए क्या निर्णय लेते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button