ACCIDENT

एनएच-922 पर साइकिल व बाइक की टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर

न्यूज़ विज़न। बक्सर
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ के समीप सोमवार की देर रात एनएच-922 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। साइकिल और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में गरहथा कला निवासी लाल मोहर बिंद (51 वर्ष), पिता-रामनाथ बिंद शामिल हैं, जो अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर गरहथा खुर्द निवासी भोला पासवान (पिता-राम बलिराम) अपने साथी भगत राम (35 वर्ष), पिता-जंबू राम के साथ बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार लाल मोहर बिंद और बाइक चालक भोला पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे भगत राम गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी लोग ब्रह्मपुर से अपने-अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार और सड़क पर संतुलन खोने के कारण यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिए। वहीं गंभीर रूप से घायल भगत राम को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई है। इस भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button