POLITICS

बिक्रमगंज में होगी ‘संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली’, 25 मई को जुटेगा जनसैलाब

न्यूज़ विज़न। बक्सर
रोहतास जिले के बिक्रमगंज में आगामी 25 मई को एक ऐतिहासिक रैली का आयोजन होने जा रहा है, जिसका नाम है “संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली”। इस रैली का नेतृत्व राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा करेंगे। रैली का उद्देश्य है देश में जनसंख्या के आधार पर लोकसभा और विधानसभा सीटों का पुनः परिसीमन सुनिश्चित कराना।

 

सोमवार को जिले के बाईपास रोड स्थित एस एस पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आर. के. सिंह ने बताया कि यह रैली देश में समान प्रतिनिधित्व के अधिकार को लेकर एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता जिला से लेकर पंचायत स्तर तक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और लोगों को रैली के उद्देश्य से अवगत करा रहे हैं। आर. के. सिंह ने कहा कि वर्तमान में बिहार जैसे राज्य की लोकसभा सीटें जनसंख्या के अनुपात में बेहद कम हैं। बिहार को वर्तमान में 40 लोकसभा सीटें मिली हैं, जबकि नई जनगणना के आधार पर यह संख्या 60 से 80 तक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे कई राज्यों की भी यही स्थिति है।

 

उन्होंने बताया कि 1976 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 42वें संविधान संशोधन के तहत लोकसभा और विधानसभा सीटों के परिसीमन को 25 वर्षों के लिए ‘फ्रिज’ कर दिया गया था। उस समय देश में आपातकाल लागू था। इसके बाद 2001 में इसे 2026 तक के लिए बढ़ा दिया गया। उन्होंने कहा कि अब 2026 नजदीक है और देश को एक नए परिसीमन की जरूरत है, जो वास्तविक जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों को उचित प्रतिनिधित्व दिला सके।

आर. के. सिंह ने यह भी बताया कि वर्ष 2009 में जो परिसीमन हुआ था, उसमें केवल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को आबादी के अनुसार बदला गया, लेकिन लोकसभा की कुल सीटों की संख्या को यथावत रखा गया। यह स्थिति देश के संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ न्याय नहीं करती। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष विंध्याचल सिंह कुशवाहा, बबन सिंह कुशवाहा, दीनानाथ ठाकुर, सुकूल राम, अरुण कुशवाहा, जोगेंद्र चौहान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने रैली की सफलता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button