बच्चों की प्रतिभा और कल्पनाओं को मिला मंच, पाथवेज वर्ल्ड स्कूल की पुस्तिका ‘स्पेक्ट्रम’ का भव्य लोकार्पण
निदेशक आरबी सिंह, आर राघवन एवं प्रधानाध्यापक डॉ. नेहा सिंह ने किया विमोचन, बच्चों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर किया प्रोत्साहित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पाथवेज वर्ल्ड स्कूल, डुमरांव के विद्यालय परिसर में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा, लेखन क्षमता और कल्पनाशीलता को समर्पित पुस्तिका ‘स्पेक्ट्रम’ का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के निदेशक इंजीनियर आरबी सिंह, इंजीनियर आर राघवन एवं प्रधानाध्यापक डॉ. नेहा सिंह ने संयुक्त रूप से पुस्तिका का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के निदेशक इंजीनियर आरबी सिंह ने की, जबकि मंच का संचालन प्रधानाध्यापक डॉ. नेहा सिंह ने किया। स्वागत भाषण के पश्चात ‘स्पेक्ट्रम’ पुस्तिका का विमोचन किया गया और उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के बीच पुस्तिका का वितरण किया गया। इस अवसर पर इंजीनियर आर राघवन ने बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि हर बच्चे के अंदर अलग-अलग प्रकार की प्रतिभा और विशेषताएं होती हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारों से कभी अलग नहीं करना चाहिए। प्रत्येक बच्चा अपने स्वभाव और प्रकृति के अनुरूप अपनी मंजिल तय करता है, इसलिए अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों की रुचि और क्षमता को समझते हुए उनका मार्गदर्शन करना चाहिए।
विद्यालय की पुस्तिका ‘स्पेक्ट्रम’ बच्चों द्वारा लिखी गई रचनाओं, विचारों और रंगों का खूबसूरत संग्रह है। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं, विचारों और लेखन के माध्यम से पुस्तिका को आकर्षक रूप प्रदान किया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों की रचनात्मकता को मंच देने की इस पहल की सराहना की गई। समारोह के दौरान बच्चों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें लेखन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से बच्चों में लेखन के प्रति रुचि विकसित होगी, उनमें नैतिक मूल्यों की समझ मजबूत होगी और अन्य विद्यार्थी भी रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापक डॉ. नेहा सिंह ने ‘ग्रीन डुमरांव, क्लीन डुमरांव’ का संदेश भी दिया। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित डुमरांव के निर्माण में बच्चों की भूमिका पर जोर देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। विद्यालय के निदेशक इंजीनियर आरबी सिंह ने पुस्तिका ‘स्पेक्ट्रम’ के प्रकाशन में योगदान देने वाले सभी बच्चों एवं विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की लेखनी में छिपी संभावनाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में अपनी लेखनी की ताकत को पहचानेंगे और अपने विचारों को और अधिक प्रभावशाली एवं खूबसूरत तरीके से प्रस्तुत करेंगे। समारोह का समापन प्रधानाध्यापक डॉ. नेहा सिंह के धन्यवाद एवं समापन संबोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार हर्षोल्लास के साथ उपस्थित रहा। बच्चों की रचनात्मक उपलब्धि को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।





