OTHERS

रक्तदान महादान: बक्सर में 22 रक्त वीरों ने किया रक्तदान, जरूरतमंदों के लिए जुटाया जीवन रक्षक रक्त

बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन और ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर के संयुक्त अभियान में उमड़ा उत्साह, रक्तदाताओं को मोमेंटो, अंगवस्त्र व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, बक्सर शाखा के सहयोग से गुरुवार, 3 सितंबर को ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर द्वारा महादान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। शहर के पुलिस चौकी स्थित जगनारायण गोयल स्मृति भवन में सुबह 10 बजे से आयोजित इस रक्तदान शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 22 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

 

रक्तदान शिविर का उद्घाटन बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष रोहताश गोयल, प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज मानसिंहका, सचिव सह रक्तदान प्रमुख सुमित कुमार मानसिंहका, रेडक्रॉस के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, ओम जी यादव सेवक एवं भाजपा नेता सौरभ कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ब्लड बक्सर के संस्थापक-संचालक प्रियेश, कैंप कोऑर्डिनेटर नसीम नायक एवं आदिल खान, अमन अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

22 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

आयोजित शिविर में सौरभ कुमार तिवारी, राजा बाबू, अभिषेक लोहिया, शुभम कुमार, शाश्वत जायसवाल, जितेंद्र कुमार, विकास चौधरी, अंकित जायसवाल, विश्वामित्र शर्मा, जफ्फर अहमद, आदित्य केजरीवाल, रोहित चौरसिया, कृष्णा जायसवाल, सैफ अली, संतोष शंकर देशमुख, अमर शर्मा, उत्तम शर्मा, विवेक शर्मा, प्रकाश वर्मा, विशाल गुप्ता और रितेश कुमार समेत कुल 22 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

‘एक रक्तदान किसी की जिंदगी बचा सकता है’

बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष रोहताश गोयल ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान को सही मायने में महादान और जीवनदान कहा जाता है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन, प्रसव सहित विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में पड़ती है। ऐसे में समाज के युवाओं को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने ब्लड बक्सर के साथ मिलकर चलाए जा रहे ‘नई सोच, नई परंपरा’ अभियान की सराहना करते हुए रक्तदान के इस प्रयास को नेक कदम बताया।

रक्तदान के साथ स्वास्थ्य जांच भी जरूरी

सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज मानसिंहका ने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद की मदद करने का माध्यम ही नहीं, बल्कि रक्तदाता के लिए भी स्वास्थ्य जांच का अवसर है। रक्तदान की प्रक्रिया से पहले और बाद में रक्तदाता की आवश्यक जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पूर्व रक्तचाप, नाड़ी, तापमान और हीमोग्लोबिन जैसी आवश्यक जांच नि:शुल्क की जाती है। इसके अलावा रक्त में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस जैसे संक्रमणों की भी जांच की जाती है। इससे रक्तदाता को भी अपने स्वास्थ्य की प्राथमिक स्थिति की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में एक-दो बार नियमित रूप से रक्तदान करता है, तो उसे अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में भी समय-समय पर जानकारी मिलती रहती है।

सदर अस्पताल बक्सर के ब्लड बैंक की व्यवस्था पर उठे सवाल, भोजपुर ब्लड बैंक के सहयोग से हुआ सफल आयोजन

पंकज मानसिंहका ने कहा कि बक्सर सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में अस्पताल प्रबंधन अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो पा रहा है। इसी कारण गुरुवार को आयोजित रक्तदान शिविर सदर अस्पताल आरा, भोजपुर के ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से सदर अस्पताल एवं ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं पर ध्यान देने की अपील की, ताकि रक्तदाताओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

‘ब्लड बैंक में रक्त की कमी दूर करना हमारा प्रयास’

सम्मेलन के सचिव सह रक्तदान प्रमुख सुमित कुमार मानसिंहका ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए सामाजिक संगठनों और युवाओं को आगे आने की जरूरत है। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाना सम्मेलन का निरंतर प्रयास रहेगा।

आरा ब्लड बैंक की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

शिविर को सफल बनाने में सदर ब्लड बैंक आरा, भोजपुर की टीम का विशेष योगदान रहा। चिकित्सा टीम में डॉ. अमन राज, आदित्य कुमार, अनिल कुमार, पिंकी कुमारी (ANM), भूपेंद्र कुमार सिंह, पिंकी कुमारी (GNM), सविता कुमारी, प्रिंस, पवन सहित अन्य सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने पूरी टीम, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का हार्दिक अभिनंदन, आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।

युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में अभी भी कई भ्रांतियां हैं, जिन्हें जागरूकता के माध्यम से दूर करने की आवश्यकता है। स्वस्थ एवं योग्य व्यक्तियों को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। रक्तदान शिविर के माध्यम से आयोजकों ने संदेश दिया कि “रक्तदान करें, जीवन बचाएं और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।”

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button