RELIGION

गजाधरगंज में भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव

भजन-कीर्तन और मां के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं ने मां महाकाली से सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के स्टेशन रोड स्थित वार्ड संख्या 20 के गजाधरगंज में शुक्रवार को श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव 2026 श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया गया। श्री महाकाली मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक पंचित पूजा एवं महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने विधि-विधान के साथ मां महाकाली की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज के सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।

 

श्री महाकाली पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए। वहीं, मां महाकाली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

 

अतिथियों को अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित

महोत्सव में शामिल अतिथियों का श्री महाकाली पूजा समिति की ओर से अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मान किया गया। समिति के सदस्यों ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी से गजाधरगंज का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

13 अगस्त से शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम

समिति की ओर से बताया गया कि श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव के तहत 13 अगस्त से 28 अगस्त तक जलार्पण का आयोजन किया गया। 19 अगस्त को मां श्री महाकाली की प्रतिमा की स्थापना की गई, जबकि 26 अगस्त को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग लगाया गया। इसके बाद शुक्रवार 28 अगस्त को वार्षिक पंचित पूजा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम अभी जारी रहेगा। शनिवार 29 अगस्त को कन्या पूजन के साथ पारंपरिक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं, 31 अगस्त को मां की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।

प्रतिदिन हो रही मां की आरती और श्रृंगार

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः 8 बजे मां श्री महाकाली की आरती एवं श्रृंगार किया जा रहा है। इसके साथ ही संध्या 7 बजे विशेष आरती का आयोजन हो रहा है। इन धार्मिक कार्यक्रमों में स्थानीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं के सहयोग से हर वर्ष होता है आयोजन

पूजा समिति के सचिव राहुल कुमार ने बताया कि मां श्री महाकाली की असीम कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रत्येक वर्ष इस पूजन महोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महोत्सव में भाग लिया, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

समिति के सदस्यों की रही सक्रिय भूमिका

महोत्सव को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष विजय कुमार राउत, कोषाध्यक्ष रोहित गुप्ता (डब्बू), उपाध्यक्ष बिपुल कुमार बंटी, डॉ. ज्ञानेश्वर सिंह, उप सचिव सुभाष कुमार, उप कोषाध्यक्ष सरोज कुमार, दीपक गुप्ता, दुर्गेश यादव, बजरंगी ठाकुर, महेश कुमार अधिवक्ता, अभिषेक कुमार, निखिल कुमार, आर्यन गुप्ता एवं संतोष चौरसिया सहित समिति के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। श्रद्धा, भक्ति, भजन-कीर्तन, मां के जयकारों और प्रसाद वितरण के बीच शुक्रवार को संपन्न हुआ श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव पूरे गजाधरगंज क्षेत्र को भक्तिमय बना गया। शनिवार को कन्या पूजन एवं खिचड़ी प्रसाद और 31 अगस्त को प्रतिमा विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button