बक्सर पहुंचे बिहार कुश्ती संघ के नवनिर्वाचित महासचिव सुभाष सिंह, बैंड-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत
कहा- बिहार में कुश्ती को राष्ट्रीय स्तर पर दिलाएंगे नई पहचान, प्रतिभावान पहलवानों को मिलेगा बेहतर अवसर; अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार कुश्ती संघ के महासचिव पद पर निर्वाचित होने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे सुभाष सिंह का समर्थकों, खेल प्रेमियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान बैंड-बाजे की धुन के बीच उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया। स्वागत समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। अपने गृह जिले में मिले इस स्नेह और सम्मान से अभिभूत सुभाष सिंह ने बक्सरवासियों के प्रति आभार जताया और बिहार में कुश्ती को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
बक्सर मेरा घर, यहां आने के लिए किसी नोटिस की जरूरत नहीं
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए सुभाष सिंह ने कहा कि बक्सर उनका अपना घर है और यहां आने के लिए उन्हें किसी औपचारिक सूचना या नोटिस की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि बक्सर से उनका गहरा जुड़ाव है और यहां के लोगों का प्यार एवं स्नेह हमेशा उन्हें प्रेरित करता है। उन्होंने कुश्ती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कुश्ती भारत के प्राचीनतम खेलों में से एक है। रामायण काल से लेकर महाभारत काल तक शारीरिक बल, सामर्थ्य और पराक्रम का विशेष महत्व रहा है। हर दौर में बलवान व्यक्ति का अपना अलग दबदबा रहा है। बलवान बनने के लिए स्वस्थ शरीर और पहलवानी की भावना जरूरी है।
बिहार कुश्ती संघ को मजबूत और सक्रिय बनाना प्राथमिकता
नवनिर्वाचित महासचिव ने कहा कि उन्हें भारतीय कुश्ती संघ का भी आशीर्वाद प्राप्त है। अपने कार्यकाल में उनका प्रमुख उद्देश्य बिहार कुश्ती संघ को और अधिक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय बनाना होगा। इसके लिए संघ के सभी पदाधिकारी और सदस्य आपसी समन्वय के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में कुश्ती की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है यहां की प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की। उनका प्रयास रहेगा कि राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी कुश्ती प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिले।
राष्ट्रीय स्तर पर बिहार के पहलवानों का परचम लहराने का लक्ष्य
सुभाष सिंह ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और बेहतर कार्ययोजना के माध्यम से आने वाले दिनों में बिहार कुश्ती संघ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। बिहार के पहलवानों को ऐसी सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार के खिलाड़ी देशभर में प्रदेश का परचम लहराने के साथ-साथ देश के लिए पदक जीतकर लाएंगे।
बच्चों को नौकरी के साथ संस्कार और खेल के प्रति भी करें प्रोत्साहित
समारोह के दौरान सुभाष सिंह ने अभिभावकों से बच्चों के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों को केवल नौकरी हासिल करने के उद्देश्य से ही नहीं, बल्कि संस्कारवान बनाने के लिए भी शिक्षा देनी चाहिए। बच्चा यदि संस्कारवान होगा तो वह अपने जीवन में स्वयं सफलता का रास्ता बना लेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानें तथा जिस खेल में उनकी दिलचस्पी हो, उसमें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि कोई बच्चा अपने लक्ष्य की ओर दो कदम आगे बढ़ता है तो वे उसकी मदद के लिए दस कदम आगे चलने को तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ाने में उनकी ओर से सहयोग की कोई कमी नहीं होगी।
स्वागत समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सुभाष सिंह का स्वागत करने वालों में संजय सिंह, काशेश्वर सिंह, प्रो. सिद्धेश्वर सिंह, यशवंत सिंह, सन्नी सिंह, सत्यप्रकाश चौबे, संजय पांडेय, उदय सिंह, चिंटू सिंह और सुशील कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने उनके निर्वाचन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिहार में कुश्ती खेल को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
वीडियो देखें :




