पंचकोशी परिक्रमा में मातृशक्ति की हुंकार, ‘बक्सर नहीं सिद्धाश्रम कहिए’ अभियान को मिली नई ताकत
अहिल्या धाम में वर्षा पांडेय के नेतृत्व में जुटीं महिलाएं, सिद्धाश्रम की ऐतिहासिक पहचान, पंचकोशी के पांचों पड़ावों के संरक्षण और धार्मिक पर्यटन के विकास की उठाई आवाज

न्यूज़ विज़न। बक्सर
विश्व प्रसिद्ध पंचकोशी परिक्रमा के शुभारंभ के साथ ही बक्सर को उसकी प्राचीन ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान ‘सिद्धाश्रम’ दिलाने की मुहिम को नई ऊर्जा मिली है। भाजपा नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता वर्षा पांडेय के नेतृत्व में पंचकोशी परिक्रमा के प्रथम पड़ाव अहिरौली स्थित अहिल्या धाम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एकत्रित हुईं। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एकजुट होकर सिद्धाश्रम की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से उद्घोष किया कि “बक्सर की पहचान सिद्धाश्रम है, हमें अपना सिद्धाश्रम गौरव वापस चाहिए।” मातृशक्ति की इस एकजुटता ने अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने का संदेश दिया। महिलाओं ने कहा कि बक्सर की प्राचीन सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को उचित पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
अभियान के तहत पंचकोशी परिक्रमा के पांचों पावन स्थलों के संरक्षण एवं समग्र विकास, प्राचीन धार्मिक धरोहर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और गंगा के लगभग छह किलोमीटर लंबे तट पर सुंदर, व्यवस्थित एवं पक्के घाटों के निर्माण की मांग उठाई गई। साथ ही बक्सर को राष्ट्रीय एवं वैश्विक धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
इस पहल को केवल धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान तक सीमित नहीं, बल्कि विकास एवं रोजगार से जुड़ी मुहिम के रूप में भी प्रस्तुत किया गया। अभियान से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि पंचकोशी परिक्रमा स्थलों का व्यवस्थित विकास और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होता है, तो स्थानीय युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। हस्तशिल्प, छोटे व्यवसाय, परिवहन, आवास और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी इससे लाभ मिल सकता है।
इस अवसर पर वर्षा पांडेय ने कहा कि सिद्धाश्रम केवल एक नाम नहीं, बल्कि बक्सर की आत्मा, इतिहास और आध्यात्मिक गौरव का प्रतीक है। पंचकोशी परिक्रमा हमारी अमूल्य धार्मिक धरोहर है, जिसका संरक्षण और विकास सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य ऐतिहासिक पहचान की पुनर्स्थापना के साथ बक्सर को ऐसा धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाना है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आएं और स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भरता के अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि जब मातृशक्ति अपनी विरासत और पहचान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाती है, तो वह आवाज जनआंदोलन का रूप लेती है। पंचकोशी परिक्रमा के पावन अवसर पर मातृशक्ति की यह पहल सिद्धाश्रम अभियान को नई दिशा देने के साथ विरासत, सम्मान, विकास और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य का सामूहिक संकल्प बनकर सामने आई।
*हमारी विरासत, हमारा गौरव — अब बक्सर नहीं, सिद्धाश्रम कहिए!*




