OTHERS

पीपी रोड स्थित किसना ज्वेलर्स में 6.50 लाख की तीन सोने की चेन चोरी, कल्याण ज्वेलर्स से शातिर युवती हिरासत में

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई, 45 ग्राम सोने की चेन चोरी का आरोप; युवती को अल्पावास गृह भेजा गया

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर शहर के पीपी रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में चोरी की घटना सामने आई है। आभूषण खरीदने के बहाने शोरूम पहुंची एक युवती पर करीब 6.50 लाख रुपये मूल्य की तीन सोने की चेन चोरी करने का आरोप है। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर नगर थाना पुलिस ने शनिवार शाम युवती को कल्याण ज्वेलर्स से हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद युवती को अल्पावास गृह भेज दिया है। सोमवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की बात बताई गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे से 3 बजे के बीच एक युवती पीपी रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम पहुंची थी। शोरूम में पहुंचने के बाद उसने आभूषण खरीदने की इच्छा जताते हुए सोने की चेन देखने लगी। इस दौरान वह सेल्समैन को बातचीत में उलझाए रही। आरोप है कि इसी बीच मौका पाकर युवती ने तीन सोने की चेन अपने पास रख ली और शोरूम से बाहर निकल गई।

 

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखने पर पुलिस को दी सूचना

युवती के शोरूम से निकलने के बाद प्रबंधन को चोरी की आशंका हुई। इसके बाद शोरूम के मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में युवती की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने के बाद शोरूम प्रबंधक ने नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर युवती की पहचान और तलाश शुरू कर दी।

शोरूम प्रबंधक की ओर से नगर थाना में दिए गए लिखित आवेदन के मुताबिक, चोरी गई तीनों सोने की चेन का कुल वजन करीब 45 ग्राम है, जबकि उनकी बाजार कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये बताई गई है।

कल्याण ज्वेलर्स पहुंचते ही पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान शनिवार शाम करीब आठ बजे कथित तौर पर उसी हुलिया की युवती शहर के कल्याण ज्वेलर्स में आभूषण खरीदने पहुंची। पुलिस को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद टीम तत्काल शोरूम पहुंची और युवती को हिरासत में ले लिया।

बताया जाता है कि करीब 8:47 बजे पुलिस युवती को शोरूम से बाहर लेकर आई। उसे शोरूम के बगल वाली गली से बाहर निकाला गया। उस समय युवती हल्के गुलाबी रंग का सलवार सूट पहने हुए थी, जिस पर सफेद धागे का बारीक वर्क था। उसके हाथ में ग्रे रंग का जूट का थैला था। पुलिस ने युवती का चेहरा गुलाबी दुपट्टे से ढंककर उसे वाहन में बैठाया और नगर थाना ले गई।

पुलिस जांच के बाद अल्पावास गृह भेजी गई युवती

मामले में शोरूम मैनेजर की लिखित शिकायत के बाद नगर थाना पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं जांच की। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आरोपित युवती को अल्पावास गृह भेज दिया गया है। सोमवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button