बक्सर में पशुओं से लदा पिकअप पकड़ाया, चालक समेत दो लोग फरार; 10 बछड़े-बछिया सुरक्षित गौशाला पहुंचाए गए
जेल पाइन-आईटीआई रोड में वार्ड पार्षद दीपक सिंह की सक्रियता से पकड़ा गया संदिग्ध वाहन, पुलिस ने पिकअप किया जब्त; पशु क्रूरता पदाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज

न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के जेल पाइन-आईटीआई रोड में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने पशुओं से लदे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को पकड़ लिया। वाहन पर करीब 10 बछड़े-बछिया लदे हुए थे। स्थानीय लोगों की तत्परता और वार्ड पार्षद की सक्रियता से वाहन को रोक लिया गया, लेकिन लोगों को देखते ही पिकअप चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। वहीं, वाहन में लदे सभी बछड़े-बछिया को सुरक्षित आदर्श गौशाला पहुंचाया गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर पांच के वार्ड पार्षद दीपक सिंह ने जेल पाइन-आईटीआई रोड से गुजर रहे एक पिकअप वाहन को देखा। वाहन की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें उस पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए अपनी बाइक से पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी आगे जाने के बाद उन्होंने पिकअप को रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार चालक और दूसरा व्यक्ति उतरकर भागने लगे। दोनों को भागता देख आसपास के लोगों को भी शक हुआ। इसके बाद पिकअप की तलाशी ली गई तो उसमें करीब 10 बछड़े-बछिया लदे हुए मिले।
वाहन में इतनी संख्या में पशुओं को लदा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पिकअप को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस की मौजूदगी में सभी बछड़े-बछिया को सुरक्षित तरीके से आदर्श गौशाला पहुंचाया गया। इस संबंध में पशु क्रूरता पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन से बरामद सभी बछड़े-बछिया को आदर्श गौशाला में सुरक्षित रखा गया है। वहां उनके रखरखाव और देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन पर करीब 10 बछड़े-बछिया लादकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर थाने ले आई। पशु क्रूरता पदाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार चालक और उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की पहचान करने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।




