OTHERS

जनगणना 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बक्सर में दूसरे चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ

अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुरू हुआ प्रशिक्षण, परिवारों से पूछे जाने वाले 40 सवालों, मोबाइल ऐप और डिजिटल पोर्टल के संचालन की दी गई जानकारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जनगणना 2027 को लेकर बक्सर जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार, 01 नवंबर को जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या परिगणना के सफल एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर जिला स्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों तथा तकनीकी सहायकों के प्रशिक्षण के दूसरे बैच का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना अधिकारी अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई।

 

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक रविन्द्र कुमार सिंह एवं अनुप कुमार वर्मा ने उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना के दूसरे चरण को पारदर्शी, त्रुटिरहित और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न कराने के लिए संबंधित कर्मियों को पूरी तरह दक्ष बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के आधिकारिक पोर्टल सीएमएमएस (CMMS) के प्रबंधन एवं संचालन की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही पीई मैनेजमेंट (PE Management) के अंतर्गत ईबी/सब-ईबी (EB/Sub-EB) के विस्तार, मैपिंग तथा नजरी नक्शा तैयार करने की तकनीकी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षकों ने केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी, बल्कि संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास (Hands-on Training) भी कराया, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मी वास्तविक कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करें।

 

वहीं, जनसंख्या परिगणना के दौरान परिवारों से पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों की जानकारी भी विस्तारपूर्वक दी गई। प्रशिक्षकों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों के संग्रह, प्रविष्टि एवं संबंधित प्रक्रियाओं को समझाया। साथ ही जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने के नियमों और आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर मोती कुमार दिनकर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी, बक्सर, हेमंत कुमार चौबे, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है, ताकि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन के साथ जनसंख्या परिगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button