एशियाई खेलों में देश का मान बढ़ाकर लौट रहे अविनाश पहलवान, 25 अक्टूबर को बक्सर में होगा भव्य स्वागत
गोलंबर से चौसा तक निकलेगी स्वागत रैली, गृह जिला पहुंचने पर अभिनंदन समारोह में सम्मानित होंगे एशियन गेम्स के चैंपियन

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार के बक्सर जिले के चौसा की मिट्टी के लाल और कुश्ती के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाने वाले अविनाश पहलवान की एशियाई खेलों, जापान में शानदार सफलता के बाद स्वदेश एवं अपने गृह जिला बक्सर आगमन को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह है। उनकी उपलब्धि की खुशी में 25 अक्टूबर को भव्य स्वागत रैली एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार स्वागत रैली 25 अक्टूबर की सुबह 10 बजे बक्सर गोलंबर से शुरू होगी। रैली सिंडिकेट, बाइपास रोड, ज्योति प्रकाश चौक और पुलिस चौकी होते हुए चौसा रेलवे स्टेशन के समीप अविनाश पहलवान के आवास तक पहुंचेगी। इसके बाद उनके सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।कुश्ती के क्षेत्र में एशियाई स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर ऐतिहासिक सफलता हासिल करने वाले अविनाश पहलवान की उपलब्धि को बक्सर और चौसा के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर न केवल अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया, बल्कि बिहार और बक्सर की पहचान को भी नई ऊंचाई दी है।
बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज ने जिलेवासियों से स्वागत रैली एवं अभिनंदन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अविनाश पहलवान हमारे बिहार, बक्सर और चौसा की शान होने के साथ-साथ देश का गौरव हैं। एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कुश्ती के क्षेत्र में उन्होंने जो सफलता हासिल की है, वह पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक खिलाड़ी का स्वागत नहीं, बल्कि बक्सर की धरती से निकलकर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले युवा खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन का भी अवसर है। आयोजकों ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि “आइए, मिलकर अपने चैंपियन का स्वागत करें।” 25 अक्टूबर को बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वागत रैली एवं अभिनंदन समारोह को सफल बनाने की अपील की गई है।




