दुर्गा पूजा पर लायंस क्लब ऑफ बक्सर गैगेज की अनूठी पहल, श्री चंद्र मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल व प्रसाद की व्यवस्था
विजयदशमी के अवसर पर सेवा कार्यों के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, लायंस क्लब के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

न्यूज विज़न। बक्सर
दुर्गा पूजा एवं विजयदशमी के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ बक्सर गैगेज की ओर से सेवा एवं सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। क्लब के तत्वावधान में स्थानीय श्री चंद्र मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई तथा प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लायन सुधीर सर्राफ की देखरेख में किया गया।
शुद्ध पेयजल एवं प्रसाद वितरण व्यवस्था का उद्घाटन बक्सर के प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री कृष्ण कुमार सर्राफ ने किया। इस अवसर पर लायंस क्लब्स इंटरनेशनल जिला 322ई के चेयरपर्सन एवं एमजेएफ लायन सुरेश संगम तथा रेड क्रॉस बिहार राज्य के कोषाध्यक्ष श्री दिनेश जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लायन सुरेश संगम ने कहा कि लायंस क्लब बक्सर में सामाजिक सेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। क्लब का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सेवा कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वहीं कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता श्री कृष्ण कुमार सर्राफ एवं रेड क्रॉस बिहार राज्य के कोषाध्यक्ष श्री दिनेश जायसवाल ने लायंस क्लब के सेवा कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब के सदस्य बक्सर में पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ सामाजिक कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। सेवा भावना के साथ किए जा रहे ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। दुर्गा पूजा एवं विजयदशमी के अवसर पर श्री चंद्र मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल एवं प्रसाद की व्यवस्था किए जाने से लोगों को काफी सुविधा मिली। कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय योगदान दिया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में लायंस क्लब ऑफ बक्सर गैगेज के लायन बृज किशोर सिंह, अतुल मेहरोत्रा, विनय कुमार, मोहम्मद जमील, ऋषि निर्मल, सुधीर सर्राफ, योगेश जायसवाल सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में क्लब के सदस्यों ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर कार्य करते रहने और जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने का संकल्प लिया। विनय कुमार, आरके ज्वैलर्स, मीडिया प्रभारी, लायंस क्लब बक्सर गैगेज।




