भरत तिवारी की कहानी पर बना जासो का दुर्गा पूजा पंडाल का शहाबाद में चर्चा, मां पहुंचीं तो छलक पड़े आंसू
9 लाख की लागत से तैयार भव्य पंडाल में मां काली के रौद्र रूप के साथ जवनिया की चर्चित घटना को दिया गया कलात्मक स्वरूप, महाष्टमी पर भरत तिवारी के परिजनों ने देखा पंडाल

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जासो रोड स्थित दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष करीब नौ लाख रुपये की लागत से भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल की अनूठी थीम इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। पंडाल की थीम भोजपुर जिले के जवनिया गांव में हुई भरत तिवारी की चर्चित मुठभेड़ की घटना पर आधारित है। घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को मूर्तियों, सजावट और कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से पंडाल में दर्शाया गया है।
महाष्टमी के अवसर पर पूजा समिति की ओर से भरत तिवारी के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। रविवार की सुबह भरत तिवारी की मां, भाभी, छोटे भाई और भतीजे जासो रोड स्थित पूजा पंडाल पहुंचे। परिजनों ने पंडाल में प्रदर्शित विभिन्न दृश्यों और घटनाक्रम से जुड़ी प्रस्तुतियों को देखा। इस दौरान पंडाल में प्रदर्शित दृश्य देखकर भरत तिवारी की मां भावुक हो गईं। माहौल कुछ समय के लिए भावुक हो गया।
मां काली के रौद्र रूप ने भी खींचा लोगों का ध्यान
पंडाल के अंदर मां काली के रौद्र रूप का भव्य स्वरूप तैयार किया गया है। इसके साथ ही बाढ़ पीड़ितों की स्थिति और भरत तिवारी से जुड़े घटनाक्रम को भी मूर्तियों एवं सजावटी माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है। पूजा समिति के सदस्यों का कहना है कि पंडाल की थीम के जरिए लोगों को उस घटनाक्रम से रूबरू कराने का प्रयास किया गया है, जिसे क्षेत्र के लोगों ने काफी करीब से देखा और सुना है।
पूजा पंडाल की थीम को देखने के लिए लगातार लोगों की भीड़ पहुंच रही है। दिन में जहां श्रद्धालु और स्थानीय लोग पंडाल का अवलोकन कर रहे हैं, वहीं रात में आकर्षक रोशनी के बीच इसकी भव्यता और बढ़ जाती है। पंडाल की अलग थीम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों और समिति सदस्यों ने मिलकर तैयार किया पंडाल
पंडाल की साज-सज्जा और थीम को अंतिम रूप देने में पूजा समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समिति की ओर से पूजा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
जासो दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष गौरव पाठक, सचिव अंकुर पाठक और कोषाध्यक्ष उत्कर्ष पाठक हैं। समिति में विजय राय, शंकर पाठक, अमन राय, प्रियांशु राय, मुकेश पाठक, प्रशांत शर्मा, सोनू पाठक, अंकित राय, पीयूष कुमार समेत कई सदस्य शामिल हैं।
समिति के सदस्यों के अनुसार, इस वर्ष पंडाल को अलग और आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ ऐसी थीम प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करे। यही वजह है कि जासो रोड का यह पूजा पंडाल इस वर्ष श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वीडियो देखें :




