OTHERS

चौसा में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम से गुहार, जेब्रा क्रॉसिंग और यातायात संकेतक लगाने की मांग

सम्राट अशोक चौक, Garmin Bank एवं बालिका उच्च विद्यालय के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग; सड़क दुर्घटना में वार्ड निवासी के घायल होने के बाद बढ़ी चिंता

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर पंचायत चौसा अंतर्गत बक्सर-सासाराम मुख्य पथ पर आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों ने मंगलवार को बक्सर समाहरणालय पहुंचकर जिला पदाधिकारी महोदया को पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से सड़क के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क क्रॉसिंग के स्पष्ट निशान, यातायात संकेतक, चेतावनी बोर्ड, गति नियंत्रण की व्यवस्था तथा आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई।

 

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शैलेश कुशवाहा, आनंद रावत एवं चंदन चौधरी ने जिला पदाधिकारी को सौंपे पत्र में बताया कि नगर पंचायत चौसा क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों और विद्यालयों के आसपास बक्सर-सासाराम मुख्य पथ पर वाहनों की तेज आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पार करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही इन स्थानों पर हमेशा सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

 

संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग
वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से सम्राट अशोक चौक, Garmin Bank के समीप तथा बालिका उच्च विद्यालय के पास सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। इन स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग, स्पष्ट रोड क्रॉसिंग मार्किंग, यातायात संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपाय किए जाने की जरूरत बताई गई। उन्होंने कहा कि विद्यालय के आसपास छात्र-छात्राओं की आवाजाही अधिक रहती है। सड़क पार करते समय तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। ऐसे में स्कूलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर सड़क सुरक्षा के मानकों को लागू किया जाना जरूरी है।

सड़क हादसे में वार्ड निवासी के घायल होने से बढ़ी चिंता
वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों ने बताया कि 07 सितंबर 2026 की शाम वार्ड संख्या 09 निवासी हरदीनारायण मौर्य सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है। वार्ड प्रतिनिधियों का कहना है कि लगातार बढ़ते यातायात दबाव और तेज रफ्तार वाहनों के बीच यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं।

स्थल निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई की मांग
वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी महोदया से मांग की कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर बक्सर-सासाराम मुख्य पथ के चिन्हित संवेदनशील स्थलों का स्थल निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के बाद मानक के अनुरूप जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क क्रॉसिंग के निशान, यातायात संकेतक, चेतावनी बोर्ड, गति नियंत्रण के उपाय और आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह मांग किसी एक व्यक्ति या किसी एक वार्ड की नहीं, बल्कि चौसा नगर पंचायत के आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा है। समय रहते सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कदम उठाए जाने से संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और लोगों को सुरक्षित आवागमन का वातावरण मिल सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button