ईटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने की राह साफ, संघर्ष मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना समाप्त
जनता की मांग हुई पूरी, एक-दो दिनों में आम लोगों के लिए खुल जाएगी रेलवे गुमटी; अब निर्माणाधीन ओवरब्रिज को लेकर संघर्ष की तैयारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
ईटाढ़ी रेलवे पूर्वी गुमटी को आम जनता के लिए खुलवाने की मांग को लेकर दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की ओर से चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरना का सोमवार, 7 सितंबर को समापन किया गया। इस अवसर पर जनता का आभार कार्यक्रम आयोजित कर आंदोलन में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति कृतज्ञता जताई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन मोर्चा के मीडिया प्रभारी राम इकबाल ठाकुर ने किया।
शिव चर्चा से हुआ कार्यक्रम का भावपूर्ण आगाज
समापन कार्यक्रम से पूर्व सभा स्थल पर शिव परिवार की ओर से महिलाओं ने शिव चर्चा एवं भजन-संगीत प्रस्तुत किया। शिव चर्चा के दौरान भक्तिमय माहौल बन गया और उपस्थित लोग भाव-विभोर नजर आए। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
लंबे संघर्ष के बाद पूरी हुई जनता की मांग
गौरतलब है कि ईटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के लिए खुलवाने की मांग को लेकर संघर्ष मोर्चा द्वारा लंबे समय से धरना-प्रदर्शन और रेल रोको अभियान चलाया जा रहा था। मोर्चा का कहना है कि जनता की आवाज को बुलंद करते हुए आंदोलन को लगातार आगे बढ़ाया गया और अंततः उनकी मांग पर सकारात्मक पहल हुई। बताया गया कि एक-दो दिनों के भीतर ईटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
पटना से दिल्ली तक खटखटाया दरवाजा : सरोज राजभर
सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सरोज राजभर ने कहा कि ईटाढ़ी रेलवे गुमटी को खुलवाने के लिए मोर्चा ने पटना से लेकर दिल्ली तक संबंधित स्तरों पर अपनी बात पहुंचाई। उन्होंने कहा कि संघर्ष मोर्चा ने जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष किया और अंततः ईटाढ़ी रेलवे गुमटी को खुलवाने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बक्सर की जनता के सामूहिक संघर्ष और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने आंदोलन में साथ देने वाले सभी लोगों और बक्सर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
अब निर्माणाधीन ओवरब्रिज को लेकर होगा संघर्ष
सरोज राजभर ने कहा कि ईटाढ़ी गुमटी खुलने के बाद मोर्चा की अगली लड़ाई निर्माणाधीन ओवरब्रिज को लेकर होगी। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर बिहार सरकार और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इसके लिए भी धरना-प्रदर्शन सहित अन्य लोकतांत्रिक आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि दलित, अति पिछड़ा और आम जनता से जुड़े जनहित के सवालों को लेकर संघर्ष मोर्चा आगे भी आवाज उठाता रहेगा। जनता की समस्याओं को लेकर समय-समय पर आंदोलन चलाया जाएगा।
जनता के सहयोग को बताया आंदोलन की ताकत
मोर्चा के जिला संयोजक ने कहा कि जनता के सहयोग, मेहनत और आशीर्वाद के कारण ही ईटाढ़ी रेलवे गुमटी को खुलवाने का आंदोलन सफल हो सका। उन्होंने बक्सर की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिस तरह लोगों ने आंदोलन में साथ दिया, उससे संघर्ष को मजबूती मिली।
महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
शिव चर्चा में रीमा राजभर, शकुंतला देवी, प्रेमशिला देवी, सूर्यकांत देवी, सुनीता कुशवाहा सहित अन्य महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समापन समारोह में जिला सह-संयोजक दीनानाथ ठाकुर, चंदन तेजस्वी, बीरबल रजक, अमित मिश्रा, लाल बिहारी पाल, जितेंद्र ठाकुर, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, प्रमोद केसरी, अजीत कुशवाहा, अजीत राम, जगनारायण सिंह, मुन्ना ओझा, मुन्ना राजभर, रमन राजभर, रामजी ठाकुर, जगदीश ठाकुर, राजकुमार राय, सिपाही राजभर, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। ईटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलने की घोषणा से स्थानीय लोगों में राहत और खुशी का माहौल है। वहीं, मोर्चा ने अब ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े मुद्दों को लेकर अपने अगले आंदोलन के संकेत दे दिए हैं।
वीडियो देखें :





