बीएसएपी परिसर में तीन मंजिला भवन से गिरा प्रशिक्षु पुलिसकर्मी, इलाज के दौरान मौत
प्रशिक्षण के कुछ ही दिनों बाद हुआ दर्दनाक हादसा, गया निवासी 24 वर्षीय रजनीश कुमार की मौत से मचा कोहराम


न्यूज विजन । बक्सर डुमरांव स्थित बीएसएपी परिसर में रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशिक्षण ले रहा एक प्रशिक्षु पुलिसकर्मी अचानक तीन मंजिला भवन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में सहकर्मियों और अन्य प्रशिक्षुओं ने घायल जवान को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बक्सर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के कारीसोवां गांव निवासी मिथिलेश कुमार सिंह के 24 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रजनीश बिहार सैन्य पुलिस-19, बेगूसराय में पदस्थापित था और प्रशिक्षण के लिए डुमरांव स्थित बीएसएपी परिसर आया था। वह 29 अगस्त को ही प्रशिक्षण के लिए बीएसएपी परिसर पहुंचा था। प्रशिक्षण शुरू किए अभी कुछ ही दिन हुए थे कि यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अचानक भवन से गिरने की मिली सूचना
जानकारी के अनुसार रविवार की शाम अचानक बीएसएपी परिसर में रजनीश के तीन मंजिला भवन से नीचे गिरने की सूचना मिली। नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में मौजूद सहकर्मी और अन्य प्रशिक्षु तत्काल मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उसे अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसा या किसी अन्य वजह से गिरा जवान? जांच में जुटी पुलिस
रजनीश आखिर किन परिस्थितियों में तीन मंजिला भवन से नीचे गिरा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही वहां मौजूद सहकर्मियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वहां क्या परिस्थितियां थीं और जवान भवन से किस तरह नीचे गिरा। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने प्रशिक्षु पुलिसकर्मी की मौत की पुष्टि की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
रजनीश कुमार की मौत की खबर मिलते ही उसके पैतृक गांव कारीसोवां और परिवार में मातम पसर गया। जवान की असमय मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशिक्षण के लिए घर से निकले रजनीश की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बीएसएपी परिसर में भी साथी प्रशिक्षु और सहकर्मी घटना से स्तब्ध हैं।





