डीएम की गाडी रोकने, महिला सिपाही के साथ बकझक के मामले में ब्लॉगर छोटू बाबा समेत आधा दर्जन पर एफआईआर
ज्योति प्रकाश चौक पर एक अधेड़ व्यक्ति के नहर में कूदने के बाद हुआ हंगामा, जबरन डीएम की गाडी रोकने का किया गया था प्रयास


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के ज्योति चौक के समीप बड़ी नहर पुल पर एक युवक के छलांग लगाने के बाद मौके पर जुटी भीड़ द्वारा कथित तौर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस से बकझक करने और अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर थाना बक्सर में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) मुकेश कुमार यादव ने नगर थाना पुलिस को आवेदन देकर छोटू बाबा और उसके साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की आवेदन दिया गया है। आवेदन में सोशल मीडिया आईडी “chhotubabavlogbr” का भी उल्लेख किया गया है।
थाना को दिए आवेदन के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को करीब 15 बजे ज्योति चौक के पास बड़ी नहर पुल से एक करीब 40 वर्षीय व्यक्ति के नीचे छलांग लगाने की सूचना मिली। सूचना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मौके पर चारपहिया वाहन से पहुंचे कुछ नवयुवक, जिनमें एक को छोटू बाबा बताया गया है, गमछा लिए हुए थे और पानी में गिरे व्यक्ति को निकालने के प्रयास के दौरान काफी शोर-शराबा करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि छोटू बाबा तथा उसका एक साथी डीएम बक्सर की गाड़ी को कथित तौर पर रोककर हंगामा कर रहे थे। सरकारी गोताखोरों के पहुंचने के बाद पानी में डूबे व्यक्ति को बाहर निकाला गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग उसे एक चारपहिया वाहन में बैठाकर वहां से निकल गए। बाद में उक्त व्यक्ति के अस्पताल में होने तथा उसकी मृत्यु हो जाने की जानकारी मिलने का आवेदन में उल्लेख है। इसके बाद शाम के समय सोशल मीडिया पर कथित वीडियो सामने आने की बात भी आवेदन में कही गई है। आवेदन के अनुसार, वीडियो में दो युवकों द्वारा ज्योति चौक नहर पुल के पास एक महिला सिपाही से बकझक, सरकारी कार्य में बाधा तथा जिला पदाधिकारी के सरकारी वाहन को रोककर हंगामा किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस बल द्वारा हटाने के दौरान धक्का-मुक्की और बाद में बल प्रयोग किए जाने का भी उल्लेख है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया सअनि मुकेश कुमार यादव द्वारा दिए गए आवेदन आधार पर छोटू बाबा एवं उसके साथियों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से बकझक, धमकी एवं धक्का-मुक्की मामले में छोटू बाबा व उनके अन्य साथियों पर सोशल मीडिया आईडी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज लिया गया है । जांच के बाद नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।





