OTHERS

बिजली तार की चपेट में आए किसान की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

सुबह टहलने निकले 60 वर्षीय फुलेश्वर यादव की करंट लगने से गई जान, मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट इलाके में बुधवार की अहले सुबह गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से 60 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बुधनपुरवा मोहल्ला, वार्ड संख्या 34 निवासी फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

 

बताया जाता है कि फुलेश्वर यादव रोज की तरह बुधवार की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सिंडिकेट स्थित मुख्य सड़क पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए। तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने के साथ-साथ घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

 

सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास करते हुए जाम समाप्त कराने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर और खुले बिजली तार लोगों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। लोगों ने घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में जर्जर और खुले तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button