डॉ. आर. के. गुप्ता के निधन से चिकित्सा जगत में शोक, साबित खिदमत फाउंडेशन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
लंबे समय तक सदर अस्पताल में सेवाएं देकर जरूरतमंदों की मदद करने वाले चिकित्सक को नम आंखों से किया याद, मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय से जुड़े लोगों ने जताया गहरा दुख


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सदर अस्पताल में लंबे समय तक अपनी चिकित्सा सेवाएं देने वाले चिकित्सक डॉ. आर. के. गुप्ता के निधन से चिकित्सा जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे डॉ. आर. के. गुप्ता के निधन की खबर मिलते ही चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उनके शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया।
साबित खिदमत फाउंडेशन एवं Human Right Social Justice की ओर से डॉ. आर. के. गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. गुप्ता ने लंबे समय तक सदर अस्पताल में अपनी सेवाएं देकर आम लोगों और जरूरतमंद मरीजों की निष्ठापूर्वक सेवा की। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता भी सदैव स्मरणीय रहेगी। जरूरतमंद लोगों के प्रति उनका व्यवहार और सेवा भावना उन्हें दूसरों से अलग पहचान दिलाती थी। उनके निधन को चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
श्रद्धांजलि के दौरान चिकित्सकों, फाउंडेशन के सदस्यों एवं अस्पताल के कर्मचारियों ने नम आंखों से डॉ. आर. के. गुप्ता को याद किया। सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने डॉ. आर. के. गुप्ता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने एक ऐसे चिकित्सक को खो दिया है, जिन्होंने अपने पेशे को सेवा का माध्यम बनाकर लंबे समय तक लोगों की मदद की। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नासिर हुसैन, प्रदीप राय, डॉ. उज्जवल, डॉ. मनीष कुमार सिंह, रवि गुप्ता, नसीम अंसारी, राहुल गुप्ता, अरुण कुमार सिंह, अरुण उपाध्याय, सुनील कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. आर. के. गुप्ता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। डॉ. आर. के. गुप्ता को विनम्र नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि।





