OTHERS

पेड़ों को राखी बांध पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, अनूठे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन

बक्सर में ‘आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार’ की पहल, पेड़-पौधों को भाई मानकर बांधा रक्षा सूत्र; जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण और संरक्षण का दिया संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को बक्सर नगर के इटाढ़ी रोड स्थित स्व. कंचन देवी स्मृति कुंज, विश्वनाथ नगर परिसर में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देखने को मिला। आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार की ओर से पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया गया। इस पहल के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और पेड़-पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार के संयोजक विपिन कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के आधार हैं। वर्तमान समय में तापमान में लगातार बढ़ोतरी और मौसम के स्वरूप में हो रहे दीर्घकालीन बदलाव को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को नियंत्रित किया जा सकता है। विपिन कुमार ने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल भी प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए। रक्षाबंधन जैसे सामाजिक एवं धार्मिक अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर समाज में जागरूकता का संदेश दिया जा सकता है।

 

वहीं स्व. महंत सिंह स्मृति किसान हित समूह के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने पेड़-पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लेने की पहल को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन के सभी सामाजिक और धार्मिक संस्कारों के अवसर पर पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के बिना धरती पर जीवन को सुरक्षित रखना संभव नहीं है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधा और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति आम लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विजय प्रकाश सिंह, रोहित कुमार, चंदन कुमार सिंह, शमशाद खान, राज शेखर, शिक्षिका सविता कुमारी, ममतेश्वरी सिंह, नीलम कुमारी, पूनम सिंह, सुमंगल देवी, आनंद प्रकाश, शगुन प्रिया, पंखुड़ी, शिवांशिका सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। रक्षाबंधन पर आयोजित इस अनूठी पहल ने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधों की रक्षा करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button